प्रधानमंत्री द्वारा सराहे गए शहडोल के फुटबॉल को मिली नई पहचान

विधायक मनीषा सिंह के मुख्य आतिथ्य में बालिका अस्मिता कप (अंडर-16) प्रतियोगिता का भव्य समापन



Junaid Khan - शहडोल। जिला फुटबॉल संघ, शहडोल द्वारा मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ के मार्गदर्शन में आयोजित जिला स्तरीय बालिका अस्मिता कप (अंडर-16) फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामयी समापन रेलवे ग्राउंड, शहडोल में सम्पन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस प्रतियोगिता में जिले की कुल 06 टीमों ने सहभागिता करते हुए खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खेले गए लीग मुकाबलों, सेमीफाइनल एवं फाइनल मैचों ने खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया और पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। प्रतियोगिता के बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबले में सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी, विचारपुर एवं सीबीएम फुटबॉल क्लब, जरवाही के मध्य कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने पूरे जोश और रणनीति के साथ खेल का प्रदर्शन किया, किंतु सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी, विचारपुर की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 2-0 से विजय प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन एवं तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। समापन समारोह जयसिंहनगर क्षेत्र की माननीय विधायक एवं जिला फुटबॉल संघ की संरक्षक श्रीमती मनीषा सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हार और जीत खेल के दो पहलू है। एक टीम विजयी होती है, तो दूसरी को सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने खेल को निखारने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि शहडोल में फुटबॉल के क्षेत्र में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा माननीय प्रधानमंत्री द्वारा भी की जा चुकी है, जो पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए जिला फुटबॉल संघ के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के करकमलों द्वारा जिले के 25 ऐसे खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इसके अतिरिक्त विजेता एवं उपविजेता टीम के समस्त खिलाड़ियों को मेडल, स्मृति चिन्ह एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला फुटबॉल संघ के सचिव रईस अहमद द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए फुटबॉल विकास कार्यक्रम एवं संघ की अब तक की यात्रा पर प्रकाश डाला गया। सभी अतिथियों का स्वागत बैज एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इस अवसर पर रिलायंस सीबीएम के सामाजिक दायित्व प्रमुख राजीव श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में क्षेत्र में संचालित फुटबॉल विकास कार्यक्रम की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में संघ के उपाध्यक्ष अजय बिजरा, बालकृष्ण बंगारी, ए. के. मोहंती एवं डॉ. मरियम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में प्राचार्य रेलवे स्कूल प्रभा कुशवाहा, वरिष्ठ खिलाड़ी धनपुरी एडवोकेट कलाम मोहम्मद, जिला शतरंज संघ शहडोल के सचिव मनीष सोनी, शहडोल नगर पालिका की पार्षद (वार्ड क्रमांक 33) आयुषी गजभिए, पार्षद (वार्ड क्रमांक 34) रजनी सिंह एवं वरिष्ठ खिलाड़ी रामा राव जी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान माननीय विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, संघ के कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद जकारिया एवं रिलायंस सीबीएम के सामाजिक दायित्व प्रमुख राजीव श्रीवास्तव को फुटबॉल के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान हेतु जिला फुटबॉल संघ द्वारा सम्मानित किया गया।बकार्यक्रम का संचालन श्रीमती साधना जैन, प्राचार्य एम.एल.बी. स्कूल द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष अनिल सिंह द्वारा किया गया। यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच सिद्ध हुई, बल्कि शहडोल जिले में फुटबॉल के विकास, खेल संस्कृति के संवर्धन एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Previous Post Next Post