कमजोर वर्ग की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

शहडोल में निशुल्क सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ


Junaid Khan - शहडोल। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगारपरक कौशल से सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए केशव राष्ट्रोत्थान समिति, शहडोल द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर परिसर, पांडव नगर में निशुल्क सिलाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ किया गया। यह पहल विशेष रूप से कमजोर वर्ग की मातृ शक्ति को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है। इस प्रशिक्षण केन्द्र में समाजसेवी श्रीमती संगीता निगम द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। वर्तमान में यह प्रशिक्षण प्रत्येक रविवार सायं 05 बजे से 06 बजे तक संचालित किया जा रहा है, जबकि आगामी जुलाई 2026 से इसे नियमित रूप से प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा। इस केंद्र के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 100 बालिकाएं एवं महिलाएं लाभान्वित होंगी, जिससे वे अपने हुनर के आधार पर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। कार्यक्रम के अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष श्री शीतल पोद्दार, सचिव सुरेश जेठानी (एडवोकेट), सदस्य जितेन्द्र तिवारी, गौतम राज स्कूल के प्राचार्य श्री अनिल द्विवेदी, व्यवस्थापक श्री विष्णु मिश्रा सहित अनेक समाजसेवी मातृ शक्ति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। भविष्य में भी ऐसे और कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें।

Previous Post Next Post