जिला अस्पताल शहडोल की अव्यवस्थाओं पर भड़की युवा कांग्रेस

हड्डी रोग विशेषज्ञ की अनुपस्थिति व ब्लड बैंक अनियमितताओं पर सौंपा ज्ञापन 


Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 31/03/2026 को शहडोल जिला अस्पताल में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओं को लेकर युवा कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की है। युवा कांग्रेस शहडोल की जयसिंहनगर विधानसभा इकाई के अध्यक्ष शेख सजीला (सन्नी) के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के नाम ज्ञापन सौंपा और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक डॉक्टर) की नियमित उपस्थिति नहीं होने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दूर-दराज से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है,लेकिन डॉक्टर के अनुपस्थित रहने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। युवा कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित हड्डी रोग विशेषज्ञ अपना अधिकतर समय निजी क्लिनिक में व्यतीत कर रहे हैं, जिससे जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। इसके साथ ही ज्ञापन में जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में भी भारी अनियमितताओं का मुद्दा उठाया गया। बताया गया कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे कई बार गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है। यह स्थिति स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही को दर्शाती है और आमजन के जीवन के साथ खिलवाड़ के समान है। विधानसभा अध्यक्ष शेख सजील (सन्नी) ने प्रशासन को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने मांग रखते हुए कहा कि हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। निजी क्लिनिक के कारण प्रभावित हो रही सेवाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए ब्लड बैंक की अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो मरीजों को बिना भेदभाव के उचित एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष सोहागपुर प्रियांशु चौबे (सोनू), जिला महासचिव अलीम खान, सुहैल आलम, सत्यम, इमरान खान, जाहिद खान, सत्यम कुशवाहा, अखिल चौधरी, मुन्ना सोनकर, निखिल चौधरी, दीनानाथ साहू, समीर रमाकांत साहू, सतीश साहू, सूरज गुप्ता, शिव शंकर साहू, अशिम, छोटू खान, शुभी तिवारी, शहीद खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। युवा कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इन गंभीर मुद्दों पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है और आम जनता को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Previous Post Next Post