अजय सिंह राहुल के आगमन पर कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक संपन्न

अजय सिंह राहुल के आगमन पर कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक संपन्न



Junaid Khan - शहडोल। जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चोरहट विधायक अजय सिंह राहुल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को एवं समस्त प्रकोष्ठों के प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी द्वारा की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि अजय सिंह राहुल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं, और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करने पर विशेष जोर दिया, उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल बैठकों तक सीमित रहने से संगठन मजबूत नहीं होगा, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना ही कांग्रेस की असली पहचान है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं और युवाओं का भविष्य सबसे बड़े मुद्दे हैं, जिन पर कांग्रेस पार्टी को मजबूती से आवाज उठानी होगी। अजय सिंह राहुल ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए आपसी समन्वय, अनुशासन और निरंतर संवाद अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारें। पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने अपने संबोधन में कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर कांग्रेस निरंतर संघर्षरत है और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना एवं उनका समाधान कराने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। अध्यक्षीय उद्बोधन में जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी तथा कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।बउक्त जानकारी जिला काँग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने प्रदान की। बैठक में जिले भर से आए कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने एवं आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Previous Post Next Post