माननीय से भेंट कार्यक्रम के तहत मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने विद्यार्थियों को दिया मार्गदर्शन
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 04 अप्रैल 2026 मध्यप्रदेश शासन,स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिला शहडोल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं मार्गदर्शन हेतु माननीय से भेंट कार्यक्रम का आयोजन 01 अप्रैल से 04 अप्रैल 2026 तक जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह (IAS) के निर्देशन में नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत सरदार पटेल स्कूल, सिंहपुर रोड, शहडोल में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी द्वारा विद्यार्थियों से भेंट कर उन्हें प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कक्षा में जाकर विद्यार्थियों को अध्ययन कराया तथा उनसे प्रश्न-उत्तर एवं संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने हेतु लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया एवं स्वयं भोजन कर उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित की। साथ ही विद्यार्थियों के साथ भोजन कर आत्मीय संवाद स्थापित किया तथा बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया, जिससे विद्यालय में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल बना रहा। जिला प्रशासन द्वारा इस पहल को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे उन्हें अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी, सिटी मिशन मैनेजर श्री सत्यकाम मिश्रा, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

