मनोनीत पार्षदों ने संभाला दायित्व,गरिमामय समारोह में हुआ अभिनंदन
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 01 अप्रैल 2026 नगर पालिका परिषद शहडोल में मनोनीत (एल्डरमैन) पार्षदों द्वारा विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया गया। इस अवसर पर दिनांक 31 मार्च 2026 को नगर पालिका सभागार में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नव मनोनीत पार्षदों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल, उपाध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी की उपस्थिति में सभी पार्षदों को पुष्पमालाओं से अभिनंदित किया गया। नगर पालिका परिषद शहडोल में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) के रूप में नियुक्त पार्षदों में श्रीमती सावित्री सेन, श्री विनय केवट, श्री आशीष तिवारी, श्री स्वप्निल जायसवाल, श्री नागेंद्र गोले एवं श्री सचिन गुप्ता शामिल हैं।
समारोह के दौरान नेता प्रतिपक्ष पार्षद श्री शक्ति लक्ष्यकार ने नगर में संचालित स्वच्छता व्यवस्था की सराहना करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों को प्रभावी एवं अनुकरणीय बताया। इस अवसर पर पार्षद श्री राकेश सोनी, श्री अनमोल सोनी, श्री विकास तिवारी, श्री संतोष रावत, श्री संजीव प्रताप सिंह, श्री होलकर सिंह परस्ते, श्री प्रकाश नारायण शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा नव मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई। साथ ही नगर के सर्वांगीण विकास, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नागरिक सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु सामूहिक रूप से कार्य करने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम का समापन नगर हित में समर्पित भाव से कार्य करने के संकल्प, आपसी समन्वय एवं सहयोग की भावना के साथ संपन्न हुआ।

