आर्या पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पुस्तकों का वितरण, अभिभावकों पर कम होगा भार
Junaid Khan - शहडोल। जयसिंहनगर शिक्षा जीवन की दिशा को निर्धारित करने में मदद करती है। हाल ही में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में आर्या पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जयसिंहनगर स्थित निजी संस्थाओं में आर्या पब्लिक स्कूल अधिकतर लोगों की पसंद है। इसका प्रमुख कारण विद्यालय का बेहतर शैक्षणिक स्टाफ, प्रबंधन और विद्यालयीन क्रियाकलाप हैं। छात्र-छात्राओं की मांग और पालकों की आर्थिक स्थिति पर ध्यान केंद्रित करते हुए इस वर्ष आर्या पब्लिक स्कूल के चेयरमैन ध्रुव सेन सिंह चौहान ने अभिभावकों के शैक्षणिक बोझ को कम करने के लिए उनके हित में बड़ा फैसला लिया है। विद्यालय में नव प्रवेशित एवं पूर्व अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को विद्यालय के चेयरमैन द्वारा निःशुल्क पुस्तकों का वितरण किया जा रहा है। जिसकी शुरुआत चेयरमैन ध्रुव सेन सिंह चौहान एवं संचालिका मधुलिका सिंह द्वारा की गयी है। इस नई शुरुआत से अभिभावकों में हर्ष का माहौल है। अभिभावकों का कहना है कि इससे हमें अपने बच्चों को पढ़ाने में सहूलियत होगी, क्योंकि अधिकतर अभिभावकों का मानना है कि निजी संस्थाओं में पढ़ाने के लिए किताबें खरीदना अभिभावकों के लिए टेढ़ी खीर साबित होती है। हालांकि प्राचार्य सूरज अग्निहोत्री के अनुसार नवीन प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या में इज़ाफ़ा हुआ है। अभिभावकों द्वारा विद्यालय के चेयरमैन ध्रुव सेन सिंह चौहान एवं संचालिका मधुलिका सिंह का इस नेक कार्य के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए बेहतर शिक्षा की उम्मीद जताई है।
