भीम जयंती पर निकली भव्य भीम यात्रा का हिंदू-मुस्लिम एकता मंच ने किया जोरदार स्वागत
Junaid Khan - शहडोल। सँभाग के जिले उमरिया में आज दिनांक 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के उपलक्ष्य में आज़ाक्स संघ उमरिया द्वारा एक भव्य कार्यक्रम एवं भीम यात्रा (जुलूस) का आयोजन किया गया। यह यात्रा सामुदायिक भवन उमरिया से प्रारंभ होकर जिले के प्रमुख मार्गों एवं स्थलों से होते हुए पूरे नगर में भ्रमण किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे वातावरण में जय भीम के नारों की गूंज सुनाई दी। इस अवसर पर हिंदू-मुस्लिम एकता मंच द्वारा गांधी चौक उमरिया में भीम यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। मंच के सदस्यों ने जुलूस में शामिल लोगों पर फूल-मालाएं अर्पित कर एवं पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस स्वागत कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का एक सशक्त संदेश दिया। हिंदू-मुस्लिम एकता मंच के संस्थापक मो. असलम शेर ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के विचार आज भी समाज को एकता, समानता और न्याय का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर जी ने जिस समाज की कल्पना की थी, वह बिना भेदभाव और आपसी प्रेम के संभव नहीं है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में भाईचारे और एकजुटता की भावना को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि हिंदू-मुस्लिम एकता मंच सदैव समाज में एकता, सहयोग और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता रहेगा और हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ कार्यकर्ता मो. अल्ताफ, मो. मंसूर, अब्दुल साबित, कृष्ण कांत तिवारी, नावेद अंसारी, कासिम खान, पल्लवी असाटी, रोहनी श्याम सहित अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।
