छात्राओं को वितरित की गई नई पुस्तकों के साथ उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
Junaid Khan - शहडोल। 1 अप्रैल 2026। शहडोल संभाग के पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (एमएलबी विद्यालय) में आज प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर बच्चों की खुशियों और उमंग से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष उर्मिला कटारे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें नई शैक्षणिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और छात्राओं को पूरी लगन व मेहनत से अध्ययन कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को नई कक्षाओं की पाठ्य पुस्तकें भी वितरित की गईं, जिससे छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस पहल से छात्राओं को नई शुरुआत का प्रेरणादायक माहौल मिला। छात्राओं के मनोरंजन एवं उत्साहवर्धन के लिए विद्यालय के शिक्षकगणों द्वारा आकर्षक कविताओं का वाचन भी किया गया, जिसने कार्यक्रम में रंग भर दिया। शिक्षकों की प्रस्तुतियों ने बच्चों के चेहरे पर मुस्कान ला दी और पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। इस प्रकार प्रवेश उत्सव कार्यक्रम ने न केवल नई शैक्षणिक सत्र की शानदार शुरुआत की, बल्कि छात्राओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी प्रदान की।

