बालिका अस्मिता कप का भव्य समापन कल: फाइनल में भिड़ेंगी दो मजबूत टीमें, विधायक मनीषा सिंह रहेंगी मुख्य अतिथि

बालिका अस्मिता कप का भव्य समापन कल: फाइनल में भिड़ेंगी दो मजबूत टीमें, विधायक मनीषा सिंह रहेंगी मुख्य अतिथि 



Junaid Khan - शहडोल। जिला फुटबॉल संघ, शहडोल द्वारा मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ के मार्गदर्शन में आयोजित जिला स्तरीय बालिका अस्मिता कप (अंडर-16) फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोह कल बुधवार, 23 अप्रैल 2026 को रेलवे ग्राउंड, शहडोल में आयोजित किया जाएगा। तीन दिनों तक चले इस प्रतियोगिता में जिले की कुल 06 टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और खेल मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना की मिसाल पेश की। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न लीग मुकाबलों के साथ-साथ 02 सेमीफाइनल मैच खेले गए, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो टीमें सोशल डेवलपमेंट सोसायटी क्लब विचारपुर और सीबीएम जरवाही की टीम फाइनल में स्थान बनाने में सफल रहीं। अब इन दोनों टीमों के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला समापन दिवस पर रोमांच का चरम छूने वाला है, जिस पर पूरे जिले की निगाहें टिकी हैं। समापन समारोह एवं फाइनल मैच का आयोजन जयसिंहनगर क्षेत्र की विधायक एवं जिला फुटबॉल संघ की संरक्षक मनीषा सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। इस अवसर पर अन्य गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी, शासकीय विभागों के अधिकारीगण एवं जिला फुटबॉल संघ के समस्त पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ेगी। संघ के सचिव रईस अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि समापन समारोह को विशेष रूप से आकर्षक एवं प्रेरणादायक बनाने की व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता करने वाली बालिका खिलाड़ियों तथा खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। यह पहल न केवल खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि जिले में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल भी तैयार करेगी। उन्होंने आगे बताया कि इस प्रकार के आयोजन से जिले की बालिकाओं को स्थानीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलता है, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलती है। साथ ही यह प्रतियोगिता शहडोल जिले में फुटबॉल के प्रति बढ़ती रुचि और खेल संस्कृति को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा रही है।

मैच परिणामों में दिखा दमदार प्रदर्शन आज का पहला मैच 3:30 बजे सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी विचारपुर वर्सेस रॉयल क्लब शहडोल के बीच खेला गया, जिसमें सोशल डेवलपमेंट विचारपुर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 5-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। वहीं आज का दूसरा मुकाबला 5:30 बजे राम फुटबॉल एकेडमी शहडोल और सीबीएम जरवाही के बीच खेला गया, जिसमें जरवाही टीम ने कड़े संघर्ष के बाद 1-0 से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। आज के मैच के मुख्य अतिथि अजय विजर, जिला फुटबॉल संघ शहडोल के उपाध्यक्ष रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना को सराहा। अब सबकी निगाहें फाइनल पर कल का फाइनल मुकाबला सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी विचारपुर और सीबीएम क्लब जरवाही के बीच शाम 4:00 बजे खेला जाएगा। खेल प्रेमियों के बीच इस मुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि दोनों टीमें अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांच से भर देंगी। यह आयोजन न केवल एक प्रतियोगिता है, बल्कि जिले की बेटियों के लिए एक ऐसा मंच बनकर उभरा है, जहां वे अपने सपनों को उड़ान देने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रही हैं।

Previous Post Next Post