कमिश्नर ने एमएलबी स्कूल में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण का किया निरीक्षण
Junaid Khan - शहडोल। 24 अप्रैल 2025- कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल एवं शासकीय कन्या महाविद्यालय शहडोल में जनगणना 2026-27 के तहत चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारी, कर्मचारी जनगणना कार्य को पूरी ईमानदारी, लगन एवं कर्तव्य निष्ठा के साथ सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षणार्थी, प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी को ध्यान पूर्वक सुने, समझे और उसे जनगणना कार्य में उपयोग करें। कमिश्नर ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मन में कोई भी जिज्ञासा हो तो उसे निःसंकोच मास्टर ट्रेनर्सों से प्रश्न करें। कमिश्नर ने कहा कि जनगणना 2026-26 अंतर्गत प्रथम चरण 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व गणना का कार्य किया जा रहा है, इसके लिए प्रगणक आमजन को स्व-गणना करने हेतु उन्हें सटीक और सही जानकारी धैर्य और समझदारी के साथ दें जिससे जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो सकें। कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने जनगणना कार्य हेतु दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्य का अवलोकन कर मास्टर ट्रेनर्साे एवं प्रगणको को अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही कमिश्नर ने मास्टर ट्रेनर्स से स्व गणना के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नो के बारे में भी जानकारी ली। प्रशिक्षण के दौरान परिवार ऑकड़ा, लोकेशन मैपिंग, एसई जनरेट, फील्ड की पूर्व तैयारी, मोबाइल ऐप, फील्ड विजिट, भौतिक सत्यापन,एडिट प्रोटोकाल और सिस्टम टैगिंग, विशेष क्षेत्र और क्षेत्र सीमाएं, हेंडसेक, भाषा की बारीकियां, सत्यापन तर्क सहित जनगणना कार्य हेतु अन्य जानकारियो से भी अवगत कराया गया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री सरोधन सिंह, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती आशा भंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
