सनसनीखेज खुलासा: तीन युवकों की मौत का राज गहराया, माइकल की गिरफ्तारी से खुल सकती है पूरी साजिश!

घटना की रात मौके पर मौजूद था माइकल, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी


Junaid Khan - शहडोल। जैतपुर थाना क्षेत्र के कमता तिराहा के पास हुई रहस्यमयी घटना में तीन युवकों की मौत अब एक बड़े नेटवर्क और साजिश की ओर इशारा कर रही है। 13-14 अप्रैल की दरम्यानी रात कुएं में मिले तनुज शुक्ला, सचिन सिंह बैस और रोहित शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने अब एक और अहम कड़ी जोड़ते हुए आरोपी माइकल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि माइकल वही शख्स है, जो घटना की रात दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार में मौजूद था। इस कार को सुनील टोंडिया चला रहा था, जिसे पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। माइकल की गिरफ्तारी के बाद अब पूरे मामले की परतें तेजी से खुलने लगी हैं और कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है। घटना के बाद से ही इलाके में तरह-तरह के सवाल उठ रहे थे कि आखिर तीनों युवकों की मौत कैसे हुई? क्या यह सिर्फ एक हादसा था या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश छिपी है? इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है, जो हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। माइकल की गिरफ्तारी क्यों है अहम? सूत्रों के मुताबिक, माइकल की गिरफ्तारी को इस पूरे केस में “टर्निंग पॉइंट” माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिस क्रेटा कार से 13 अप्रैल की रात गांजा बरामद हुआ था,उसमें ड्राइवर सीट के बगल में माइकल ही बैठा था। पुलिस को शक है कि माइकल इस पूरे नेटवर्क की अंदरूनी जानकारी रखता है। गांजा कहां से आता है, किन रास्तों से भेजा जाता है और किन लोगों तक पहुंचाया जाता है। अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की परतें खुलना बाकी गांजा तस्करी और तीन युवकों की मौत के इस जटिल मामले में अब तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 13 अप्रैल की रात खड़ी कार के मालिक शंकर विश्वकर्मा को सबसे पहले पकड़ा गया। इसके बाद सुनील टोंडिया को गिरफ्तार किया गया 16 अप्रैल को डोंगरटोला में हीरासिंह के घर से 200 किलो गांजा बरामद हुआ

इस इनपुट के आधार पर सोनू बैगा और बहगढ़ से रामपाल सिंह को दबोचा गया। और अब माइकल की गिरफ्तारी ने जांच को नई दिशा दे दी है। पुलिस की कार्रवाई तेज, तीन और आरोपी फरार। पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले से जुड़े तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। हादसा या साजिश? अभी भी बना हुआ है रहस्य तीनों युवकों की मौत ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। जहां एक तरफ पुलिस इसे तस्करी और नेटवर्क से जोड़कर देख रही है, वहीं परिजनों और स्थानीय लोगों के मन में अभी भी कई सवाल हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई और माइकल से मिलने वाले खुलासों पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने में निर्णायक साबित हो सकते हैं।

Previous Post Next Post