वर्षा ऋतु से पूर्व नाला-नालियों की सफाई हेतु विशेष अभियान प्रारंभ
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 29 अप्रैल 2026 कलेक्टर शहडोल डॉ. केदार सिंह के निर्देशन में नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए नगर क्षेत्र के समस्त नाला-नालियों की समुचित सफाई हेतु विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि वर्षा प्रारंभ होने से पूर्व नगर के सभी प्रमुख एवं आंतरिक नालों की नियमित, समयबद्ध एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उक्त निर्देशों के अनुपालन में स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल महोबिया द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है तथा सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के अंतर्गत न्यू बस स्टैंड क्षेत्र, सब्जी मंडी (शंकर टॉकीज क्षेत्र), मीट मार्केट के समीप, रेलवे फाटक के पास एवं हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र सहित नगर के प्रमुख नालों तथा छोटी-बड़ी नालियों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे नगर की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा कचरा नाला-नालियों में न डालें, जिससे जल निकासी बाधित न हो। साथ ही, किसी भी स्थान पर नाली या नाला अवरुद्ध होने की स्थिति में इसकी सूचना तत्काल नगर पालिका को देने का अनुरोध किया गया है। नगर पालिका परिषद द्वारा यह भी अवगत कराया गया है कि यह विशेष अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा, जिससे वर्षा ऋतु के दौरान नगर में स्वच्छता एवं सुचारू जल निकासी सुनिश्चित की जा सके तथा जलभराव की समस्या से प्रभावी रूप से बचाव हो सके।

