जैतपुर तिराहे पर नशेड़ी युवक का उत्पात: इलेक्ट्रॉनिक दुकान में घुसकर तोड़फोड़, पुलिस कार्रवाई पर भी उठे सवाल
Junaid Khan - शहडोल। जिले के बुढार थाना क्षेत्र स्थित जैतपुर तिराहे पर गुरुवार शाम एक नशे में धुत युवक ने इलेक्ट्रॉनिक दुकान में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। अचानक हुए हंगामे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को काबू कर वाहन में बैठाकर थाने ले गई। जानकारी के मुताबिक, बुढार थाना क्षेत्र के जैतपुर तिराहे के पास स्थित विक्की गुप्ता की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में सुनील कुमार शुक्ला नाम का युवक नशे की हालत में घुस गया। दुकान के अंदर उसने सामान के साथ तोड़फोड़ की। दुकानदार ने विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया और हंगामा करने लगा। इस दौरान राहगीर और आसपास के लोग मौके पर रुककर तमाशा देखते रहे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर डायल 112 और बुढार थाना पुलिस की मोबाइल टीम पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही युवक और उग्र हो गया। बताया जा रहा है कि उसने पुलिसकर्मियों से भी बहस शुरू कर दी और वाहन में बैठने से इनकार कर दिया।
इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। युवक को काबू में करने के दौरान पुलिस और युवक के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी युवक को लात से मारते और वाहन में बैठाते दिखाई दे रहा हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
बुढार पुलिस का कहना है कि युवक नशे में था और लगातार हंगामा कर रहा था। मौके पर भीड़ बढ़ती जा रही थी, इसलिए उसे तत्काल हिरासत में लेना जरूरी था। पुलिस ने दुकानदार विक्की गुप्ता की शिकायत पर आरोपी सुनील कुमार शुक्ला पिता नंदकिशोर शुक्ला के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल, सुरक्षा व्यवस्था पर बहस तेज। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल देखा गया। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं बाजार क्षेत्र में आम नागरिकों की सुरक्षा पर सीधा सवाल खड़ा करती हैं। वायरल वीडियो बना चर्चा का केंद्र। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे जरूरी कार्रवाई बता रहे हैं, तो कुछ ने पुलिस के व्यवहार पर आपत्ति जताई है। प्रशासन की निगरानी में मामला। सूत्रों के अनुसार, मामले को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने भी रिपोर्ट तलब की है। पूरे घटनाक्रम की जांच के साथ-साथ वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और यदि कहीं कोई चूक हुई हो तो उस पर कार्रवाई की जा सके। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था, पुलिस की कार्यप्रणाली और बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं।

