नगर पालिका धनपुरी में सीएमओ पूजा बुनकर पर तानाशाही के आरोप,दो दिनों से जलसंकट झेल रहे वार्डवासी
Junaid Khan - शहडोल। धनपुरी भीषण गर्मी, तपता मई महीना और ऊपर से पानी का संकट…नगर पालिका धनपुरी के वार्ड क्रमांक 22 के रहवासी इन दिनों नारकीय स्थिति में जीवन जीने को मजबूर हैं। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोगों के घरों में पिछले दो दिनों से पानी की एक बूंद तक नहीं पहुंची। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पीने के पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन आंख मूंदकर बैठा हुआ है। इस पूरे मामले को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री पूजा बुनकर के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक ओर वार्ड क्रमांक 22 के हजारों लोग पानी के लिए परेशान हैं,वहीं दूसरी ओर नगर पालिका द्वारा प्रतिदिन हजारों लीटर पानी स्प्रिंकलर के माध्यम से सड़कों पर बहाया जा रहा है। जनता सवाल उठा रही है कि आखिर प्राथमिकता क्या है। जनता की प्यास बुझाना या दिखावे के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव करना? वार्ड की महिलाओं ने बताया कि लगातार दो दिनों से घरों में पानी नहीं आने के कारण रसोई तक नहीं जल पा रही है। पीने के पानी से लेकर दैनिक उपयोग तक के लिए लोग परेशान हैं। महिलाओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि घर में पानी नहीं है, खाना नहीं बन पा रहा, छोटे बच्चे परेशान हैं। आखिर हम जाएं तो जाएं कहां? नगर पालिका को जनता की परेशानी से कोई मतलब नहीं रह गया है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा पानी का बिल लगातार बढ़ाया जा रहा है, लेकिन सुविधाएं शून्य हैं। जनता से यह वादा किया गया था कि उन्हें फिल्टरयुक्त स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन आज तक वार्डवासियों को फिल्टर पानी नसीब नहीं हुआ। इसके बावजूद नगर पालिका प्रति माह 80 रुपये के हिसाब से शुल्क वसूल रही है। सवाल यह उठता है कि जब सुविधा ही नहीं दी जा रही, तो आखिर जनता से वसूली किस बात की की जा रही है? स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि जब से सुश्री पूजा बुनकर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी का पद संभाला है, तब से नगर की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जनता का कहना है कि नगर में विकास और सुविधाओं की जगह तुगलकी फरमानों का दौर शुरू हो गया है। लोगों का आरोप है कि जहां एक तरफ भीषण गर्मी में समाजसेवी और आम नागरिक प्याऊ लगाकर लोगों को राहत पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नगर पालिका द्वारा लोगों के घरों के नल कनेक्शन काटने के आदेश दिए जा रहे हैं। वार्डवासियों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन का यह रवैया पूरी तरह अमानवीय और जनविरोधी है। जनता अब यह पूछ रही है कि क्या नगर पालिका का काम केवल दिखावटी व्यवस्थाएं करना रह गया है? क्या जनता को मूलभूत सुविधा पीने का पानी उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है? नगर पालिका धनपुरी में लगातार बढ़ रही अव्यवस्थाओं और जनता की अनदेखी ने अब लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। वार्ड क्रमांक 22 के रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन और मुख्य नगर पालिका अधिकारी की होगी।
