हत्या के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया
Junaid Khan - शहडोल। ब्यौहारी पुलिस द्वारा हत्या के प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। दिनांक 11.05.2026 को थाना ब्यौहारी में मृतक तुलसीदास पिता रामचरण कुशवाहा उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम देवरांव मूड़ादेवी थाना ब्यौहारी जिला शहडोल की देहाती नालशी पर अपराध धारा बी.एन.एस. का पंजीयन किया गया। फरियादिया रीनू कुशवाहा पति तुलसीदास कुशवाहा निवासी ग्राम देवरांव द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 10.05.2026 को पति तेंदूपत्ता फड़ में काम करने गये थे, जो रात्रि में वापस घर नहीं लौटे। अगले दिन सुबह गांव के नीरज सोनी द्वारा सूचना दी गई कि तुलसीदास नाले में मृत अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि मृतक मोटर सायकल सहित पड़ा था तथा उसके सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। फरियादिया द्वारा अपने जेठ रघुनाथ कुशवाहा पर पुस्तैनी जमीन विवाद एवं पूर्व से चली आ रही रंजिश के चलते हत्या करने का संदेह व्यक्त किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना ब्यौहारी पुलिस द्वारा तत्काल विवेचना प्रारंभ कर आरोपी रघुनाथ कुशवाहा निवासी देवरांव की तलाश की गई। आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उसने कुल्हाड़ी से हमला कर तुलसीदास कुशवाहा की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी रघुनाथ कुशवाहा को दिनांक 12.05.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सराहनीय भूमिका उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी ब्यौहारी निरी जियाउल हक के नेतृत्व में, प्रआर नरेन्द्र उपाध्या, आर. गंगा सागर गुप्ता, आर पंकज महरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
