29 मई को रिलीज होगी कनिष्ठ विजय दुबे की पहली फिल्म रजनी की बारात,पूरे संभाग में उत्साह का माहौल
Junaid Khan - शहडोल। शहडोल शहर के लिए गर्व और खुशी का पल है। श्री राम हॉस्पिटल के संचालक, समाजसेवी और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने वाले विजय दुबे के पुत्र कनिष्ठ विजय दुबे अब बॉलीवुड की दुनिया में अपनी चमक बिखेरने जा रहे हैं। उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म “रजनी की बारात” आगामी 29 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर शहडोल सहित पूरे संभाग और मध्यप्रदेश में फिल्म प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि फिल्म में कनिष्ठ विजय दुबे मुख्य अभिनेता की भूमिका में नजर आएंगे। छोटे शहर से निकलकर बड़े पर्दे तक पहुंचने का उनका यह सफर संघर्ष, मेहनत और जुनून की मिसाल बन गया है। शहडोल के लोगों में खास उत्साह इसलिए भी है क्योंकि उनके शहर का युवा अब बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने जा रहा है। पिता विजय दुबे कहते है कनिष्ठ ने बचपन से ही अभिनय और रचनात्मक कार्यों में रुचि दिखाई थी। स्कूल की छुट्टियों में जहां बच्चे खेल-कूद में व्यस्त रहते थे, वहीं कनिष्ठ अपने दोस्तों के साथ वीडियो बनाकर अभिनय की बारीकियां सीखते थे। परिवार के सहयोग और खुद की मेहनत के दम पर उन्होंने मुंबई तक का सफर तय किया। फिल्म निर्देशक आदित्य अमन ने कड़े ऑडिशन के बाद उन्हें “रजनी” के किरदार के लिए चुना। बताया जा रहा है कि फिल्म में कई चर्चित कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग मध्यप्रदेश की धरती पर हुई है और इसकी कहानी सामाजिक सोच पर आधारित बताई जा रही है। शहडोल, बुढार, उमरिया, अनूपपुर सहित पूरे संभाग में लोग अब 29 मई का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शहर के युवाओं में भी कनिष्ठ की सफलता को लेकर खास प्रेरणा देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर लगातार लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं और फिल्म के सुपरहिट होने की कामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कनिष्ठ विजय दुबे ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे शहडोल और मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। अब सभी की निगाहें 29 मई पर टिकी हैं, जब “रजनी की बारात” बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने आएगी।
