सोहागपुर ईदगाह में सुबह 8:35 बजे अदा की जाएगी ईदुल अजहा की नमाज, प्रशासन और अंजुमन कमेटी की तैयारियां मुकम्मल

शांति और सौहार्द के साथ मनेगा त्योहार, जिला प्रशासन की मुस्तैदी और बेहतर प्रबंधन की समाज ने की सराहना; पेश इमाम जनाब इरफान खान कराएंगे नमाज


Junaid Khan - शहडोल। आस्था, त्याग और समर्पण का महापर्व ईदुल अजहा (बकरीद) इस वर्ष भी शहडोल जिले में पारंपरिक हर्षोल्लास, गरिमा और कौमी एकता के साथ मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर स्थानीय प्रशासन की सक्रियता और जन-प्रतिनिधियों के बीच समन्वय का व्यापक असर धरातल पर दिखने लगा है, जिसकी नगरवासियों द्वारा सराहना की जा रही है। जिला त्यौहार कमेटी के अध्यक्ष शान उल्ला खान ने आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि आगामी 28 मई 2026, दिन गुरुवार को पाली रोड स्थित ऐतिहासिक सोहागपुर ईदगाह में ईदुल अजहा की मुख्य नमाज सुबह ठीक 08 बजकर 35 मिनट पर अदा की जाएगी। इस मुकद्दर मौके पर सुप्रसिद्ध पेश इमाम जनाब इरफान खान द्वारा सामूहिक नमाज अदा कराई जाएगी और मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली तथा आपसी भाईचारे की दुआ मांगी जाएगी। त्योहार को गरिमापूर्ण और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए इस बार जिला प्रशासन और पुलिस महकमे ने समय रहते सराहनीय कदम उठाए हैं। साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति को लेकर प्रशासन का रुख बेहद संवेदनशील और मुस्तैद नजर आ रहा है। अंजुमन कमेटी सोहागपुर के सरपरस्त हाजी हमीदुल्ला खान, साफी उल्ला खान, सूफियान खान सहित मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध जनों ने प्रशासनिक अमले के इस सहयोगात्मक रवैये और चाक-चौबंद व्यवस्थाओं की खुलकर तारीफ की है। कमेटी के पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने संयुक्त रूप से अकीदतमंदों (नमाजियों) से पुरजोर अपील की है कि वे निर्धारित समय से कुछ देर पहले ही ईदगाह तशरीफ लाएं, ताकि अनुशासित तरीके से नमाज मुकम्मल हो सके और सभी लोग समय पर मुख्य दुआ में शामिल हो सकें। प्रशासन और सामाजिक संगठनों के इस साझा प्रयास से साफ है कि शहडोल हमेशा की तरह इस बार भी गंगा-जमुनी तहजीब की एक बेमिसाल मिसाल पेश करने जा रहा है।

Previous Post Next Post