जल संरक्षण का संदेश लेकर निकली भव्य कलश यात्रा

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर पालिका द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित



Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 15 मई 2026 को शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत शुक्रवार को बाणगंगा मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। कलश यात्रा में महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों एवं नगर पालिका कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगरवासियों को जल बचाने एवं जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर “जल है तो कल है” जैसे प्रेरणादायी संदेशों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण तथा दैनिक जीवन में जल के समुचित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” 19 मार्च से 30 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत नगर क्षेत्र में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को जल संरक्षण के महत्व से जोड़ते हुए जल बचाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जायसवाल, उपाध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा, पार्षद श्री हीरालाल प्रजापति, श्री संजीव सिंह, उपयंत्री श्री सुखेंद्र सिंह तोमर, श्री मोतीलाल सिंह, श्री पुनीत त्रिपाठी, श्री सत्यकाम मिश्रा, श्रीमती प्रतीक्षा शुक्ला, श्री शेखर, श्री महेश साहू, श्री विजय वर्मा सहित नगर पालिका कर्मचारी एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों को सुरक्षित रखने की अपील।

Previous Post Next Post