अपने पर्यटन स्थलों को जानें, विषय पर जन पैरवी कार्यक्रम का आयोजन
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 29 मई 2026 पुलिस लाइन स्थित ज्ञानोदय हिंदी मीडियम हायर सेकैण्ड्री स्कूल के सभागार में वोकेशनल स्पोर्ट्स के दौरान इंडियन ग्रामीण सर्विसेज ( आई जी एस) द्वारा मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड भोपाल संचालित-"महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना " के अंतर्गत शहडोल जिले के पर्यटन स्थलों की जानकारी देने, पर्यटन स्थलों में महिला पर्यटकों हेतु अधिक सुरक्षित तथा सहज वातावरण निर्मित करने हेतु किए जा रहे प्रयासों के संबंध में जागरूकता आदि विषयों पर जन पैरवी कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के डायरेक्टर श्री अजय सिंह के मुख्यातिथ्य में किया गया। आई जी एस के शहडोल संकुल समन्वयक सुशील कुमार पाण्डेय द्वारा जानकारी दी गई- मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा" महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना" प्रदेश के 50 पर्यटन स्थलों 20 क्लस्टर्स पर संचालित है। इस परियोजना के अन्तर्गत पर्यटन स्थलों के आसपास के स्कूल कालेजों की छात्राओं को साठ दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण दे कर आत्मबल से परिपूर्ण किया जा रहा है। अब तक शहडोल जिले में 1000 छात्राओं को कराटे, लाठी संचालन में प्रशिक्षित कर सर्टिफिकेट तथा ट्रेक सूट वितरित किये गए हैं। पर्यटन स्थलों के आसपास रहने वाली युवतियों, महिलाओं को विभिन्न भूमिकाओं में प्रशिक्षित कर जहाँ एक ओर सतत् आजीविका से संलग्न किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पर्यटन स्थलों पर महिला सेवाप्रदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो रही है। शहडोल जिले में अब तक 300 से अधिक महिलाओं को पर्यटन अनुकूल विषयों पर 300 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार, स्वरोजगार से जोडा जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान ज्ञानोदय स्कूल की पूर्व आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं को ट्रेक सूट तथा सर्टिफिकेट वितरित किये गए। कार्यक्रम में श्री अजय सिंह- डायरेक्टर ज्ञानोदय शिक्षा समिति, श्री मति नेहा उइके- पुलिस इन्सपेक्टर महिला डेस्क, श्री सुरजीत सिंह- आरक्षक, श्री संतोष कुमार मिश्रा-जिला शालेय विज्ञान प्रभारी, स्टेट कराटे कोच श्री प्रमोद विश्वकर्मा, कराटे प्रशिक्षिका शिवानी नामदेव, टूर एण्ड ट्रैवल्स मैनेजर श्री सुचित सिंह, टूरिस्ट फेसिलिटेटर श्री सुमित दत्ता तथा समाजसेवी श्री आई जे सिंह, वोकेशनल स्पोर्ट्स स्टाफ सहित 60 लोगों ने भाग लिया।

