नीट पेपर लीक होने के विरोध में कांग्रेस ने निकाला विशाल मशाल जुलूस

नीट पेपर लीक होने के विरोध में कांग्रेस ने निकाला विशाल मशाल जुलूस


Junaid Khan - शहडोल। जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में जिला कांग्रेस द्वारा नीट परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक एवं परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस भवन से गांधी चौक तक विशाल मशाल जुलूस निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं छात्र-युवा प्रतिनिधियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने की मांग उठाई। मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई कार्यकर्ता एवं छात्र शामिल हुए। हाथों में मशाल और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने “छात्र विरोधी सरकार मुर्दाबाद”, “नीट घोटाले की जांच करो”, “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारों के साथ अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि देश के लाखों छात्र-छात्राएं दिन-रात मेहनत कर अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार परीक्षा पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का विश्वास व्यवस्था से उठता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना केवल एक परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के सपनों और मेहनत के साथ अन्याय है। कांग्रेस पार्टी छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग करती है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नीट परीक्षा की निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग की। उक्त जानकारी जिला काँग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने प्रदान की। मशाल जुलूस में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई के अध्यक्षगण, पदाधिकारीगण व कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post