कॉकरोच से क्रांति तक...कैसे एक कानूनी टिप्पणी ने जन्म दिया देश के सबसे बड़े डिजिटल युवा आंदोलन को
विशेष टिप्पणी-राहुल सिंह राणा
Junaid Khan - शहडोल। शहडोल संभाग के वरिष्ठ पत्रकार राहुल सिंह राणा ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा...एक ऐसा नाम, जिसे पहली नजर में लोग मज़ाक समझ रहे थे, लेकिन देखते ही देखते वही नाम करोड़ों युवाओं की आवाज़ बन गया। यह कहानी सिर्फ एक मीम की नहीं है. इसलिए कहा गया है तोल मोल के बोल… क्योंकि अब हर शब्द वायरल होता है..यह पूरा घटनाक्रम एक बड़ा सबक भी देता है आज के डिजिटल दौर में कोई भी बयान, कोई भी टिप्पणी और कोई भी शब्द इंटरनेट पर करोड़ों लोगों की प्रतिक्रिया बन सकता है। क्योंकि अब जनता सिर्फ सुनती नहीं…जवाब भी देती है। और शायद यही वजह है कि आज सोशल मीडिया पर GEN-Z कि सबसे ज्यादा गूंज रही आवाज़ है “सच बोलेंगे… सिस्टम बदलेंगे…यह कहानी है उस गुस्से की, जो लंबे समय से देश का युवा अपने भीतर दबाए बैठा था। यह कहानी है उस डिजिटल क्रांति की, जिसने यह साबित कर दिया कि आज का युवा सिर्फ वोटर नहीं, बल्कि ट्रेंड सेट करने वाली ताकत बन चुका है।
एक टिप्पणी… और फिर सोशल मीडिया में विस्फोट
पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत की एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। युवाओं के एक वर्ग ने उस टिप्पणी को बेरोज़गार और संघर्ष कर रहे युवाओं से जोड़कर देखा और देखते ही देखते इंटरनेट पर मीम्स, व्यंग्य और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। हालांकि बाद में सफाई दी गई कि टिप्पणी का संदर्भ फर्जी डिग्री और सिस्टम में गलत तरीके से प्रवेश करने वाले लोगों से था, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर कॉकरोच शब्द एक डिजिटल प्रतीक बन चुका था। और यहीं से जन्म हुआ
कॉकरोच जनता पार्टी का मज़ाक नहीं, सिस्टम के खिलाफ डिजिटल विद्रोह...16 मई 2026 को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर निवासी 30 वर्षीय पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटेजिस्ट अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “X” पर आधिकारिक तौर पर Cockroach Janta Party (CJP) लॉन्च की। पत्रकारिता और पब्लिक रिलेशंस की पढ़ाई कर चुके अभिजीत इंटरनेट मीम कल्चर और राजनीतिक संचार की गहरी समझ रखते हैं। बताया जाता है कि वे पहले आप पार्टी आम आदमी पार्टी के राजनीतिक सोशल मीडिया अभियानों से भी जुड़े रहे हैं, जिससे उन्हें युवाओं की डिजिटल भाषा और ऑनलाइन ट्रेंड की नब्ज समझने में महारत हासिल हुई। उन्होंने जिस चीज़ को एक व्यंग्यात्मक डिजिटल आंदोलन के रूप में शुरू किया, वही कुछ दिनों में इंटरनेट की सबसे बड़ी सनसनी बन गया।
4 दिनों में करोड़ों फॉलोअर्स…
इंटरनेट हैरान सोशल मीडिया इतिहास में शायद ही कभी ऐसा हुआ हो कि कोई नया अकाउंट कुछ ही दिनों में करोड़ों लोगों तक पहुंच जाए। लेकिन CJP ने यह कर दिखाया। जहां देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पर लगभग 8.8 मिलियन फॉलोअर्स हैं और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के करीब 13.3 मिलियन, वहीं गुरुवार को लेख लिखते-लिखते दोपहर 2:00 बजे तक 13.5 से “कॉकरोच जनता पार्टी” ने महज कुछ घंटो में 14.5 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स का आंकड़ा छू लिया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि इस अकाउंट पर पोस्ट की संख्या सिर्फ 60 है, लेकिन एंगेजमेंट और वायरलिटी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।
यानी यह सिर्फ फॉलोअर्स का खेल नही
यह उस मानसिकता का विस्फोट था, जो खुद को लंबे समय से अनसुना महसूस कर रही थी।
मीम से मूवमेंट तक CJP ने खुद को किसी वास्तविक राजनीतिक दल के रूप में प्रस्तुत नहीं किया। बल्कि यह युवाओं के भीतर मौजूद बेरोज़गारी, सिस्टम से नाराजगी, अवसरों की कमी और राजनीतिक निराशा का प्रतीक बन गया। इसका वायरल नारा सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक और लेज़ी इंटरनेट पर लाखों बार शेयर किया गया। मीम्स के जरिए कही जा रही बातें सीधे युवा वर्ग के दिल तक पहुंचीं। क्योंकि पहली बार उन्हें लगा कि कोई उनकी भाषा में, उनके अंदाज़ में और उनके दर्द को समझते हुए बात कर रहा है।
X अकाउंट सस्पेंड लेकिन आंदोलन और तेज
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक बड़ा मोड़ तब आया, जब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक CJP का मुख्य “X” अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया। हालांकि इससे आंदोलन कमजोर नहीं पड़ा, बल्कि इंस्टाग्राम और दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर इसकी लोकप्रियता और तेजी से बढ़ती चली गई। अब स्थिति यह है कि सोशल मीडिया पर हर मिनट हजारों नए लोग इस डिजिटल अभियान से जुड़ रहे हैं।
असली सवाल...आखिर युवा इतना नाराज़ क्यों है.
"कॉकरोच जनता पार्टी" भले ही मज़ाकिया नाम हो, लेकिन इसके पीछे छिपा संदेश बेहद गंभीर है। देश का युवा आज सिर्फ मनोरंजन नहीं चाहता…वह पहचान चाहता है। सम्मान चाहता है। और सबसे ज्यादा सुने जाने का अधिकार चाहता है। CJP का वायरल होना इस बात का संकेत है कि अब सोशल मीडिया सिर्फ टाइमपास का प्लेटफॉर्म नहीं रहा,बल्कि यह जनभावनाओं का सबसे बड़ा मंच बन चुका है।
