मानपुर-ब्यौहारी मार्ग पर घेराबंदी कर पकड़ी 1 क्विंटल 27 किलोग्राम की खेप, पुलिस कप्तान की रणनीति रही कामयाब
Junaid Khan - शहडोल। क्षेत्र में अवैध नशे के सौदागरों और काली कमाई के सिंडिकेट को नेस्तनाबूद करने के लिए शहडोल पुलिस इन दिनों पूरे एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में ब्यौहारी थाना पुलिस ने शनिवार को एक ऐसी बड़ी और हैरतअंगेज कामयाबी हासिल की है, जिसने नशा माफियाओं की रीढ़ तोड़ कर रख दी है। पुलिस अधीक्षक श्री रामजी श्रीवास्तव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान के कुशल मार्गदर्शन तथा एसडीओपी श्री मुकेश आविद्रा के कड़े दिशा-निर्देशन में ब्यौहारी पुलिस ने मानपुर तरफ से आ रही एक संदिग्ध लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ 'गांजा' जब्त करने में सफलता पाई है। पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। खाकी के इस कड़े और आक्रामक रुख की पूरे संभाग में जमकर तारीफ हो रही है।
मुखबिर की सटीक सूचना और फॉरेस्ट हाउस के पास 'हाई-वोल्टेज' घेराबंदी
घटनाक्रम की पूरी कमान ब्यौहारी थाना प्रभारी निरीक्षक जियाउल हक और उनकी जांबाज टीम के हाथों में थी। दिनांक 27.06.2026 को ब्यौहारी पुलिस को अपने विश्वसनीय तंत्र और मुखबिर से एक बेहद गोपनीय व सटीक सूचना मिली कि सफेद रंग की विटारा ब्रेजा कार (क्रमांक CG 13 AA 7494) में अवैध मादक पदार्थ गांजे की एक बहुत बड़ी खेप मानपुर की तरफ से ब्यौहारी की ओर खपाने के इरादे से लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने बिना वक्त गंवाए अपने हमराह स्टाफ के साथ रणनीतिक जाल बिछाया। पुलिस टीम ने तत्काल ब्यौहारी-मानपुर रोड पर फॉरेस्ट हाउस के पास मोर्चा संभाला और नाकेबंदी कर दी। पुलिस की गाड़ियों को दूर से ही देखकर तस्करों के हौसले पस्त हो गए। खुद को चारों तरफ से घिरता देख और खाकी के खौफ से घबराकर अज्ञात आरोपी कार को बीच रास्ते में ही छोड़कर घने जंगल की आड़ लेकर भाग निकले।
चार बोरियों में बंद था मौत का सामान,अज्ञात आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस टीम ने जब लावारिस हालत में छूटी विटारा ब्रेजा कार की सघन तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। कार के भीतर शातिर तरीके से छुपाकर रखी गई 04 बड़े आकार की काली बोरियां बरामद हुईं। जब इन बोरियों को खोला गया, तो उनके अंदर छोटे-छोटे पैकेटों में पैक किया हुआ उच्च गुणवत्ता का गांजा भरा हुआ था। मौके पर ही जब तौल कराई गई, तो इस अवैध खेप का कुल वजन 1 क्विंटल 27 किलोग्राम निकला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में अनुमानित कीमत 12 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तत्काल अवैध मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त करते हुए अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध धारा 8/20 NDPS ACT के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। इस जांबाज टीम की मुस्तैदी से मिली ब्यौहारी पुलिस को ऐतिहासिक सफलता। नशे के इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त करने और इतनी बड़ी जब्ती को अंजाम देने में ब्यौहारी थाने के जांबाज अधिकारियों और जवानों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। इस सफल ऑपरेशन को जमीन पर उतारने वाले जांबाज दल में निरीक्षक जियाउल हक (थाना प्रभारी, ब्यौहारी) उपनिरीक्षक (उनि) बालकरण प्रजापति। प्रधान आरक्षक (प्र.आर.) हीरा सिंह। प्रधान आरक्षक नरेन्द्र उपाध्याय आरक्षक 762 गंगा सागर गुप्ता आरक्षक रामजी गौतम आरक्षक पंकज आरक्षक विवेक सूर्या आरक्षक ऋषभ शुक्ला आरक्षक शंकर सिंह। इन सभी की विशेष मुस्तैदी, अदम्य साहस और पेशेवर तालमेल के चलते ही इतनी बड़ी कार्रवाई बिना किसी चूक के संपन्न हो सकी। इस बड़ी कामयाबी के बाद न केवल पुलिस महकमे का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है, बल्कि आम जनता में भी पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और सुदृढ़ हुआ है।
