मानवता की अनूठी मिसाल,उमंग और सेवा के जज्बे से महका जिला अस्पताल,उम्मत फाउंडेशन ने बांटी 500 फूड किट्स

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिल्पी सराफ ने किया शुभारंभ,सिविल सर्जन ने खुले दिल से सराहा, जात-पात से ऊपर उठकर मरीजों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान





Junaid Khan - शहडोल। सच्ची मानवता वही है जो बिना किसी भेदभाव के हर पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान ला सके। इसी सेवा परमो धर्म के संकल्प को चरितार्थ करते हुए आज दिनांक 27 जून 2026 को उम्मत फाउंडेशन शहडोल द्वारा स्थानीय जिला चिकित्सालय में एक बेहद सराहनीय और अनुकरणीय पहल की गई। मौका था दस मुहर्रम आशुरा डे का, जिसे फाउंडेशन ने इबादत के साथ-साथ खिदमत-ए-खल्क (मानव सेवा) के रूप में मनाने का फैसला किया। संस्था द्वारा अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों की सहूलियत के लिए '500 आशुरा स्वल्पाहार राहत फूड किट्स' का वितरण किया गया। इस पुनीत कार्य का विधिवत शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMHO) डॉ. शिल्पी सराफ की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस दौरान प्रशासनिक व स्वास्थ्य अमले सहित शहर के प्रबुद्ध जन मौजूद रहे, जिन्होंने संस्था के इस निस्वार्थ प्रयास को शहडोल के सामाजिक ताने-बाने के लिए एक मिसाल बताया। अस्पताल के भीतर का नजारा उस वक्त बेहद भावुक और ऊर्जा से भर गया जब उम्मत फाउंडेशन की महिला विंग और यूथ विंग के प्रभारियों ने कमान संभाली। व्यवस्था को सुचारू और अनुशासित बनाए रखने के लिए महिला विंग की समर्पित महिला सदस्यों ने फीमेल वार्ड में जाकर एक-एक मरीज का हाल जाना और उन्हें स्वल्पाहार किट्स भेंट की। वहीं, दूसरी ओर ऊर्जावान यूथ विंग के युवाओं ने मेल वार्डों में मोर्चा संभालते हुए पूरी आत्मीयता के साथ राहत सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. वसीम खान सहित अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों और स्टाफ ने अपना पूर्ण और सक्रिय सहयोग प्रदान किया। गौरतलब है कि इस पूरे संवेदनशील आयोजन के लिए सिविल सर्जन द्वारा न केवल सहर्ष अनुमति दी गई, बल्कि उन्होंने स्वास्थ्य प्रबंधन की ओर से फाउंडेशन के इस सेवा भाव की मुक्त कंठ से सराहना भी की। अधिकारियों का कहना था कि सरकारी प्रयासों के साथ जब ऐसी सामाजिक संस्थाएं आगे आती हैं, तो मरीजों का संबल और हौसला दोगुना हो जाता है।

यह कोई पहला मौका नहीं है जब उम्मत फाउंडेशन ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई हो। संस्था लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण के क्षेत्र में पूरी शिद्दत से जमीनी काम कर रही है। उम्मत फाउंडेशन शहडोल का यह अभियान इस बात का जीवंत प्रमाण है कि मानवता की सेवा के लिए किसी जाति, धर्म या संप्रदाय की दीवारें आड़े नहीं आतीं। हर वर्ग के जरूरतमंद तक बिना किसी पक्षपात के मदद पहुंचाना और एक बेहतरीन, समरस भविष्य की कल्पना को साकार करना ही इस संगठन का मूल ध्येय है। आज के इस वृहद वितरण कार्यक्रम में फाउंडेशन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, जिम्मेदार सदस्य और वालंटियर्स मुस्तैदी से डटे रहे। निष्पक्ष और निर्भीक समाज निर्माण की दिशा में उम्मत फाउंडेशन का यह समर्पित प्रयास न केवल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए मददगार साबित हो रहा है, बल्कि पूरे शहडोल संभाग के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है।

Previous Post Next Post