140 किलोग्राम अवैध गांजा एवं स्कॉर्पियो वाहन जप्त
Junaid Khan - शहडोल। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जयसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर जयसिंहनगर पुलिस टीम द्वारा मानपुर-टेटका मार्ग पर घेराबंदी की गई। इस दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किंतु वाहन चालक एवं उसमें सवार अन्य व्यक्ति वाहन को जंगल की ओर ले जाकर छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक UP70HN7778 से पांच प्लास्टिक की बोरियों में कुल 140 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख रुपये है। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 22 लाख रुपये है, को भी जप्त किया गया। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 36 लाख रुपये है। इस संबंध में थाना जयसिंहनगर में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। फरार आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा सतत प्रयास किए जा रहे हैं। सराहनीय भूमिका उक्त कार्रवाई में थाना जयसिंहनगर के थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार बैगा के नेतृत्व में प्र.आर. बांके सिंह, आरक्षक नीरज शुक्ला, आरक्षक आशीष कुशवाहा, आरक्षक ऋषिकांत मिश्रा, आरक्षक अंकित यादव, आरक्षक प्रहलाद सिंह एवं सायबर सेल टीम शहडोल की सराहनीय भूमिका रही।
