ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत शहडोल जिले की प्राचीन पांडुलिपियों एवं अभिलेखों का पंजीयन

ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत शहडोल जिले की प्राचीन पांडुलिपियों एवं अभिलेखों का पंजीयन 


Junaid Khan - शहडोल। 07 जून 2026 कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन में एवं जिला नोडल अधिकारी श्री विवेक पांडेय के सहयोग से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु संचालित ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत शहडोल जिले में जैन मंदिर से प्राप्त प्राचीन अभिलेखों एवं पांडुलिपियों का पंजीयन कार्य संपन्न किया गया। प्राप्त अभिलेखों एवं पांडुलिपियों का ज्ञान भारतम् मिशन के पोर्टल पर विधिवत पंजीयन कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर संरक्षित एवं दस्तावेजीकृत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

उल्लेखनीय है कि जैन मंदिर परिसर एवं अन्य संभावित स्थलों पर ऐतिहासिक महत्व के और भी अभिलेख, हस्तलिखित पांडुलिपियां तथा प्राचीन दस्तावेज मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। ऐसे में आगामी समय में व्यापक सर्वेक्षण एवं दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी, जिससे जिले की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया जा सके।

ज्ञान भारतम् मिशन के माध्यम से प्राचीन ज्ञान परंपरा, ऐतिहासिक अभिलेखों एवं दुर्लभ पांडुलिपियों को डिजिटल रूप में सुरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। शहडोल जिले में प्राप्त यह धरोहर क्षेत्र के समृद्ध इतिहास एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रमाण है।

इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों एवं सहयोगी सदस्यों ने जिले में उपलब्ध अन्य प्राचीन अभिलेखों एवं पांडुलिपियों की पहचान कर उन्हें भी ज्ञान भारतम् मिशन से जोड़ने का आह्वान किया।

Previous Post Next Post