मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने किया जमुआ एवं कोटमा स्थित कचरा प्रसंस्करण केंद्रों का निरीक्षण

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने किया जमुआ एवं कोटमा स्थित कचरा प्रसंस्करण केंद्रों का निरीक्षण 


Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 07 जून 2026 नगर पालिका परिषद शहडोल के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर द्वारा आज जमुआ स्थित कचरा प्रसंस्करण केंद्र तथा कोटमा स्थित एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर एवं निर्माणाधीन नवीन कचरा प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण किया गया। नगर पालिका परिषद शहडोल क्षेत्र से प्रतिदिन एकत्रित होने वाले ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया। नगर क्षेत्र से संकलित कचरे को जमुआ स्थित कचरा प्रसंस्करण केंद्र में भेजा जाता है, जहां कचरे के पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं सुरक्षित निस्तारण का कार्य किया जाता है। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए कचरे के संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण एवं निस्तारण कार्य को निर्धारित मानकों एवं स्वच्छता प्रोटोकॉल के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में वाहनों के सुचारु आवागमन, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था तथा कचरा प्रबंधन संबंधी समस्त गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रदान किए। इसके पश्चात श्री ठाकुर ने कोटमा स्थित एमआरएफ सेंटर एवं निर्माणाधीन नवीन कचरा प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल महोबिया, उपयंत्री श्री पुनीत त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post