राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का हुआ शुभारंभ
Junaid Khan - शहडोल। 28 जून 2026:-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जिला चिकित्सालय शहडोल में विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चों को अपने नजदीकी बूथ में ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाए, खुराक सुरक्षित एवं निःशुल्क है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत कुल 1090 बूथों में प्रत्येक 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई जाएगी एवं 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले द्वारा घर-घर जाकर पोलियो की खुराक दी जाएगी। जिले में 139742 बच्चों को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग, शहडोल एवं रीवा संभाग के क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा डॉ. जी.एस. परिहार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.राजेश मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ.शिल्पी सराफ ने भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। राष्ट्रीय पल्स पोलिया अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला चिकित्सालय में 18 नवजात बच्चे एवं एन आर सी केद्र में 19 बच्चों को पोलियो की दवा का सेवन कराया गया। इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अंशुमन सोनारे, डी. पी.एम. श्री मनोज द्विवेदी सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
