लखनऊ अग्निकांड,शहडोल व्यापारी संघ ने दी नम आंखों से श्रद्धांजलि, जिला प्रशासन से कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा जांच की पुरजोर मांग

लखनऊ अग्निकांड,शहडोल व्यापारी संघ ने दी नम आंखों से श्रद्धांजलि, जिला प्रशासन से कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा जांच की पुरजोर मांग 


Junaid Khan - शहडोल। उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण और हृदयविदारक अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में असमय काल के गाल में समाए देश के होनहार छात्र-छात्राओं की आत्मिक शांति के लिए आज दिनांक 23 जून 2026 को स्थानीय व्यापारी संघ द्वारा एक शोक सभा का आयोजन किया गया। संकट की इस घड़ी में संवेदनशीलता का परिचय देते हुए व्यापारी संघ के अध्यक्ष और तमाम पदाधिकारियों ने मृत आत्माओं की शांति के लिए 02 मिनट का मौन धारण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा माहौल बेहद गमगीन हो गया। उपस्थित जनों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय और अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति व संबल प्रदान करें। इस भीषण अग्निकांड की आंच आंचलिक क्षेत्र तक भी पहुंची है, जिसमें अनूपपुर जिले के कोतमा निवासी छात्र चयनिल चक्रवर्ती जी का भी दुःखद देहांत हो गया, जो वहां कोचिंग के लिए गए थे। इस अपार दुःख में पूरा व्यापारी संघ पीड़ित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। व्यापारी संघ ने न केवल इस आपदा पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की, बल्कि भविष्य के प्रति अपनी सजगता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए स्थानीय प्रशासन का ध्यान भी इस गंभीर विषय की ओर आकर्षित किया है। संघ ने बेहद सराहनीय कदम उठाते हुए जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि शहडोल संभाग में ऐसी किसी भी अप्रिय व जानलेवा घटना की पुनरावृत्ति न हो। इसके लिए जिला प्रशासन को अभी से मुस्तैद होकर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक इमारतों में फायर सेफ्टी एवं सुरक्षा मानकों की कड़ाई से जांच कराने के आदेश तुरंत जारी करने चाहिए। व्यापारी संघ की इस त्वरित और जनहितैषी पहल की प्रबुद्ध जनों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है, क्योंकि यह मांग सीधे तौर पर हमारे बच्चों के भविष्य और सुरक्षा से जुड़ी है। इस शोक सभा एवं मांग के दौरान संघ के अध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता, मनोज सराफ, गोपाल सराफ, अनिल रोहरा, शान उल्ला खान, प्रकाश ओचनी, लक्ष्मी बजाज, ज्ञान चंद्र गुप्ता, श्री निवास पाण्डेय, विकास जेठानी, मुरली कटारिया, संजय साहू, अखिलेश खंडेलवाल सहित भारी संख्या में अन्य पदाधिकारी व गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post