डब्बे में पेट्रोल नहीं देने पर पेट्रोल पंप में हंगामा, कर्मचारियों से मारपीट,दो आरोपियों पर मामला दर्ज
Junaid Khan - शहडोल। शहर के लल्लू सिंह चौराहे से बुढार चौक के बीच स्थित रायजादा एंड सन पेट्रोल पंप में डब्बे में पेट्रोल देने से मना किए जाने पर कुछ युवकों ने जमकर हंगामा कर दिया। आक्रोशित युवकों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के साथ मारपीट की तथा वहां मौजूद सुरक्षा उपकरण उठाकर कर्मचारियों पर हमला करने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर कुछ युवक डब्बे में पेट्रोल लेने पहुंचे थे। कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए डब्बे में पेट्रोल देने से इनकार किए जाने पर युवक भड़क गए। विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवकों को कर्मचारियों पर हमला करते, चप्पलों से मारते तथा सुरक्षा उपकरणों का उपयोग कर नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन ने थाना कोतवाली शहडोल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 296(ख) (अश्लील/अशोभनीय कृत्य एवं गाली-गलौज), धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), धारा 351(3) (आपराधिक धमकी) तथा धारा 3(5) (साझा आपराधिक आशय) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहर में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
