सामूहिक प्रयासों से ही विश्वविद्यालय ने अपनी विशिष्ट पहचान कुलगुरू
पं. शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय का उत्साह, उमंग एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया स्थापना दिवस
Junaid Khan - शहडोल। 03 जून 2026- पंडित शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय, शहडोल का 9वाँ स्थापना दिवस उत्साह, उमंग, हर्षाेल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। कुलगुरू प्रो. रामशंकर ने स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित शंभूनाथ शुक्ला जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम को सम्बोंधित करते हुए कुलगुरू ने कहा कि पंडित शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय ने अल्प समय में शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास तथा सामाजिक दायित्वों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्ति का साधन न मानकर ज्ञान, चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ें। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा, मातृभाषा आधारित शिक्षा, अनुसंधान संस्कृति तथा तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देकर विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार कर रहा है। कुलगुरु ने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ ऐसे संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही विश्वविद्यालय ने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है और आने वाले वर्षों में यह संस्था उत्कृष्टता के नए मानदंड स्थापित करेगी। कार्यक्रम को कुलसचिव प्रो. प्रमोद पाण्डेय ने भी सम्बोंधित किया। कार्यक्रम में संगीत विभाग द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, कुलगीत एवं लोकगीतों ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा एवं विश्वविद्यालय की गौरवशाली पहचान को प्रभावी रूप से अभिव्यक्त किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में संगीत विभाग के डॉ. संजीव द्विवेदी, शिवांश दुबे, कृष्णा साहू, वर्तिका सेन, साक्षी एवं अन्य विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम में परिसर प्रभारी प्रो. प्रवीण शर्मा, डॉ. बृजेन्द्र पाण्डेय, विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


