अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर बुढार पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित रेत जप्त
Junaid Khan - शहडोल। जिले में अवैध खनिज उत्खनन तथा परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रही सतत् कार्यवाही के तहत चौकी केशवाही पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की गई है। दिनांक 23 जून 2026 की रात्रि गश्त के दौरान चौकी केशवाही पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली कठना नदी, ग्राम हरीं से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर परिवहन करते हुए केशवाही की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा केशवाही बस्ती के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका गया। वाहन चालक ने पूछताछ में अपना नाम सुरेश सिंह पाव पिता कमोल सिंह पाव, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम सकरा, चौकी केशवाही, थाना बुढार, जिला शहडोल बताया। चालक द्वारा रेत उत्खनन एवं परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से एक सोनालिका ट्रैक्टर (बिना नंबर) तथा ट्रॉली में लोड खनिज रेत जप्त की गई। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 5 हजार रुपये है। उक्त कृत्य प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), खनिज अधिनियम तथा मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहन एवं खनिज रेत को जप्त किया गया।
