महिला के साथ छेड़खानी के प्रकरण में आरोपी कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल गिरफ्तार
Junaid Khan - शहडोल। अनूपपुर पुलिस द्वारा महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब के निर्देशन में जिले के समस्त थाना प्रभारियों को महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी अनूपपुर श्री नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा महिला के साथ छेड़खानी के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। थाना कोतवाली अनूपपुर क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय महिला द्वारा दिनांक 23.06.2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि शाम लगभग 04 से 05 बजे के बीच जब वह अपने घर पर अकेली थी, उसी दौरान आरोपी नीरज यादव निवासी ग्राम औढेरा, अनूपपुर उसके घर पहुंचा और महिला के साथ अश्लील हरकत एवं छेड़खानी करने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने एवं आसपास के लोगों को आवाज देने पर आरोपी मौके से भाग गया।
महिला की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 380/26 पंजीबद्ध कर धारा 74 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 3(2)(va) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली अनूपपुर निरीक्षक अरविंद जैन के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, प्रधान आरक्षक विनय बैस, प्रधान आरक्षक शिवशंकर प्रजापति एवं चालक प्रधान आरक्षक खेमराज सिंह की टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी नीरज यादव पिता प्रहलाद यादव, उम्र लगभग 22 वर्ष, निवासी ग्राम औढेरा, अनूपपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्यवाही की जा रही है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एक महिला संबंधी अपराध का प्रकरण दर्ज होकर माननीय न्यायालय में विचाराधीन होना पाया गया है। अनूपपुर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं महिला संबंधी अपराधों में त्वरित तथा निष्पक्ष वैधानिक कार्यवाही के लिए प्रतिबद्धता दोहराई गई है।
