विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Junaid Khan - शहडोल। 19 जून 2026- विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय शहडोल में सिकल सेल रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सिकल सेल एवं थैलेसीमिया जैसी आनुवंशिक बीमारियों की रोकथाम, जांच एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। जागरूकता कार्यक्रम संबोधित करते हुए रीवा मेडिकल कॉलेज एवं पूर्व संचालक (पॉलिसी एवं रेगुलेशन), स्वास्थ्य विभाग, डॉ. बिनु कुशवाहा ने कहा कि सिकल सेल रोग की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रीवा मेडिकल कॉलेज में छोटे बच्चों के लिए बोन मैरो ट्रांसप्लांट तथा गर्भवती महिलाओं के गर्भस्थ शिशु में सिकल सेल एवं थैलेसीमिया जैसी आनुवंशिक बीमारियों की जांच की सुविधा उपलब्ध है। समय पर जांच एवं परामर्श के माध्यम से इन बीमारियों के प्रभाव को कम किया जा सकता है। कार्यक्रम में डॉ. सुधा नामदेव, पूर्व ब्लड बैंक प्रभारी, डॉ. शिल्पी सराफ, सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय, श्रीमती रुपाली सिंघाई, संचालक दिशा वेलफेयर सोसाइटी, डॉ. अभय मिश्रा, संचालक किरण सेवा संस्थान रीवा, श्री सिराज अहमद, संभागीय समन्वयक क्लिंटन हेल्थ फाउंडेशन, डॉ. पुनीत श्रीवास्तव, आरएमओ जिला चिकित्सालय तथा डॉ. अंशुमान सोनारे, सिकल सेल नोडल अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने सिकल सेल रोग की पहचान, उपचार, विवाह पूर्व एवं गर्भावस्था के दौरान आवश्यक जांचों तथा सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सिकल सेल उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सिकल सेल मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया तथा लोगों से नियमित जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श लेने की अपील की गई।
