प्रशासन का संजीदा फैसला,शहडोल को फिर मिला जनसंपर्क का 'पारस'मर्सकोले की वापसी से मीडिया जगत में जश्न

बेदाग छवि और कड़क कार्यशैली का इनाम,सागर से विदा होकर शहडोल में फिर 'कलम के सिपाहियों' के सारथी बने उप संचालक जी.एस. मर्सकोले 


Junaid Khan - शहडोल। भोपाल मध्य प्रदेश शासन द्वारा प्रशासनिक फेरबदल के तहत जनसंपर्क विभाग में एक ऐसा संवेदनशील और जनहितैषी निर्णय लिया गया है, जिसकी गूंज पूरे प्रदेश के मीडिया गलियारों में सुनाई दे रही है। उप संचालक जनसंपर्क कार्यालय सागर से श्री जी. एस. मर्सकोले को पुनः उप संचालक संभागीय जनसंपर्क कार्यालय शहडोल के रूप में पदस्थ किया गया है। शासन का यह फैसला न केवल प्रशासनिक दृष्टिकोण से सटीक है, बल्कि यह जनभावनाओं और पत्रकारों के सम्मान को सर्वोपरि रखने वाला कदम भी है। श्री मर्सकोले पूर्व में भी कई वर्षों तक शहडोल में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनका पिछला कार्यकाल इस बात का गवाह रहा है कि एक लोक सेवक चाहे तो अपनी ईमानदारी, सूझबूझ और सौम्य व्यवहार से जनता और प्रशासन के बीच विश्वास का एक मजबूत सेतु खड़ा कर सकता है। सागर स्थानांतरण के बाद भी शहडोल की माटी और यहाँ का मीडिया जगत उनकी कमी महसूस कर रहा था, लेकिन कहते हैं कि कर्मों की शुचिता और ईमानदारी का नसीब इंसान को खींचकर वापस उसकी कर्मभूमि पर ले ही आता है। श्री मर्सकोले की इस 'महावापसी' ने शहडोल संभाग के पत्रकारों और आम जनता के चेहरों पर एक आत्मिक मुस्कान बिखेर दी है। जैसे ही उनकी पदस्थापना के आधिकारिक आदेश जारी हुए, मानो शहडोल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से लेकर मुख्यधारा के अखबारों के पन्नों तक बधाई और आत्मीयता का एक सैलाब उमड़ पड़ा। स्थानीय पत्रकारों द्वारा श्री मर्सकोले की तस्वीरें और उनके स्वागत संदेश इस कदर वायरल किए जा रहे हैं, जो यह साबित करने के लिए काफी है कि एक सच्चे जनसंपर्क अधिकारी की असली पूंजी उसकी कड़क प्रशासनिक क्षमता के साथ-साथ उसका मिलनसार व्यवहार होता है। शहडोल मीडिया जगत का यह उत्साह और सरकार के इस फैसले की चौतरफा सराहना इस बात का जीवंत प्रमाण है कि जब प्रशासन सही समय पर सही और ईमानदार व्यक्तित्व को सही जिम्मेदारी सौंपता है, तो लोकतंत्र का चौथा स्तंभ खुद-ब-खुद मजबूत और ऊर्जामय हो जाता है। श्री मर्सकोले का दोबारा आगमन शहडोल में विकासपरक पत्रकारिता और शासकीय सूचनाओं के बेहतर आदान-प्रदान के एक नए और स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत है।

Previous Post Next Post