रेलवे स्टेशन पर नाबालिगों से काम कराने और अवैध वेंडिंग के आरोप,जांच की मांग तेज

रेलवे स्टेशन पर नाबालिगों से काम कराने और अवैध वेंडिंग के आरोप,जांच की मांग तेज 


Junaid Khan - शहडोल। ब्यौहारी शहडोल जिले के ब्यौहारी रेलवे स्टेशन पर संचालित एक कैंटीन के विरुद्ध गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि स्टेशन परिसर में संचालित "खाना खजाना" कैंटीन द्वारा नाबालिग बच्चों से श्रम कराया जा रहा है तथा रेलवे नियमों के विपरीत ट्रेनों में खाद्य सामग्री की बिक्री कराई जा रही है। मामले ने बाल अधिकारों, यात्री सुरक्षा और रेलवे प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर संचालित कैंटीन में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से नाबालिग बच्चों को लाकर दिनभर कार्य कराया जा रहा है। यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो यह न केवल बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम का उल्लंघन होगा, बल्कि बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ भी माना जाएगा। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि कैंटीन से जुड़े कुछ वेंडर रेलवे द्वारा जारी पहचान पत्रों का उपयोग करते हुए विभिन्न ट्रेनों में प्रवेश कर खाद्य सामग्री का विक्रय करते हैं। आरोप यह भी है कि जिन ट्रेनों में अधिकृत पैंट्री सेवा उपलब्ध है, वहां भी अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेची जा रही है। इससे रेलवे के अधिकृत पैंट्री कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सूत्रों के अनुसार जब अधिकृत कर्मचारियों द्वारा इन वेंडरों को रोका जाता है, तब विवाद की स्थिति निर्मित हो जाती है। यदि जांच में यह तथ्य सही पाए जाते हैं तो यह रेलवे के निर्धारित नियमों और अनुबंध शर्तों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। यात्रियों ने भी स्टेशन परिसर में आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायत की है। आरोप है कि जहां निर्धारित मूल्य पर पानी की बोतल उपलब्ध कराई जानी चाहिए, वहीं यात्रियों से अधिक राशि ली जा रही है। साथ ही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। प्लेटफॉर्म पर विकल्प सीमित होने के कारण यात्रियों को मजबूरी में सामग्री खरीदनी पड़ती है। सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि स्टेशन परिसर में नाबालिगों से कार्य कराया जा रहा है, अवैध वेंडिंग हो रही है अथवा यात्रियों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जा रही है, तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। ब्यौहारी रेलवे स्टेशन क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में स्टेशन की छवि, यात्री सुविधाओं और बच्चों के अधिकारों से जुड़े मामलों पर रेलवे प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। नाबालिग बच्चों से कार्य कराए जाने के आरोपों की जांच।

स्टेशन एवं ट्रेनों में अवैध वेंडिंग की जांच। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं मूल्य सूची का सत्यापन। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं पर नियमानुसार कार्रवाई।

बाल श्रम से जुड़े मामलों में श्रम विभाग एवं बाल संरक्षण इकाई की संयुक्त जांच।

Previous Post Next Post