विश्वविद्यालय में किया गया सामूहिक योगाभ्यास
Junaid Khan - शहडोल। 22 जून 2026:- पंडित शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय, शहडोल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग एवं ध्यान आधारित विशेष कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. रामशंकर ने की। इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद पाण्डेय, कुलसचिव डॉ. आशीष तिवारी, परिसर प्रभारी डॉ. प्रवीण शर्मा तथा शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. आदर्श तिवारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ योग एवं ध्यान के महत्व पर केंद्रित संबोधन के साथ हुआ। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलगुरु प्रो. रामशंकर ने कहा कि वर्तमान समय में योग समय की मांग है इस विज्ञान से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग मन, शरीर और आत्मा के मध्य सामंजस्य स्थापित कर व्यक्ति को तनावमुक्त एवं ऊर्जावान बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से योग एवं ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। साथ ही कुलगुरु प्रो. रामशंकर विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और योगाभ्यास की विभिन्न बारीकियों को समझाते हुए स्वयं उनके साथ अभ्यास किया। उनके इस आत्मीय व्यवहार से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। योग सत्र का संचालन खेल विभाग की सुश्री आकांक्षा द्वारा किया गया, जिन्होंने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। वहीं शारीरिक शिक्षा विभाग की संकाय सदस्य सुश्री मेधा ने कठिन एवं उन्नत योगासनों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित जनों को योग की व्यापक संभावनाओं से परिचित कराया।
कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, विजिटिंग फैकल्टी तथा अधिकारी-कर्मचारी भी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे और योगाभ्यास में सहभागी बने।
