जमीन सौदे में 05 लाख की ठगी,आरोपी पर मामला दर्ज

अनुबंध के बाद चोरी-छिपे दूसरे को बेच दी भूमि, सोहागपुर पुलिस की निष्पक्ष जांच से बेनकाब हुआ फरेब


Junaid Khan - शहडोल। जिले में भू-माफियाओं और छल-कपट से संपत्ति हड़पने वाले जालसाजों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भूमि विक्रय के नाम पर ₹5 लाख की मोटी रकम ऐंठने और बाद में पीड़ित के साथ धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी के खिलाफ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध पंजीकृत कर लिया है। पुलिस की इस पारदर्शी और कानून सम्मत कार्रवाई की जहां एक ओर पीड़ित पक्ष और स्थानीय जनता सराहना कर रही है, वहीं दूसरी ओर छल-कपट का सहारा लेकर लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।

इकरारनामा कर मुकरा, दूसरों के नाम कर दी रजिस्ट्री

पूरा मामला रीवा जिले के ग्राम गड़ेहरा निवासी घनश्याम दास मिश्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरवरी 2020 में कोटमा निवासी अनुराग मिश्रा ने अपनी और अपनी बहनों की सम्मिलित भूमि को बेचने का सौदा घनश्याम दास से ₹5 लाख में तय किया था। इसके एवज में बाकायदा पंजीकृत अनुबंध (Registered Agreement) भी निष्पादित कराया गया और कुछ महीनों में अंतिम रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया गया। लेकिन नियत साफ न होने के कारण आरोपी अनुराग मिश्रा ने छल-प्रपंच का ताना-बाना बुना और पीड़ित से पूरी राशि ऐंठने के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी।

तहसील अभिलेखों से खुली पोल,पुलिस की गहन विवेचना 

जब पीड़ित घनश्याम दास को रजिस्ट्री में टालमटोल पर संदेह हुआ, तब मामला पुलिस के समक्ष पहुंचा। सोहागपुर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने तहसील सोहागपुर से प्राप्त शासकीय दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों की सूक्ष्मता से जांच की। जांच में साफ हुआ कि अनुबंध अस्तित्व में होने के बावजूद संबंधित भूमि अन्य लोगों के नाम दर्ज कराई जा चुकी थी। जांच के दौरान पुलिस ने पूर्ण निष्पक्षता का परिचय देते हुए यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी की बहनों की इस धोखाधड़ी में कोई आपराधिक भूमिका नहीं पाई गई, जिससे निर्दोषों को बचाते हुए केवल मुख्य षड्यंत्रकारी अनुराग मिश्रा को ही आरोपी बनाया गया। सोहागपुर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर आगे की विवेचना तेजी से शुरू कर दी है।

Previous Post Next Post