नवागत पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने गिनाईं प्राथमिकताएं
Junaid Khan - शहडोल। 11 जुलाई 2026 शहडोल जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने शनिवार को आयोजित अपनी पहली पत्रकार वार्ता में जिले की पुलिस कार्यप्रणाली और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिले में विशेष नशा विरोधी अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी तथा नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एवं विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रकाशित अपराध, अवैध गतिविधियों अथवा जनहित से जुड़े मामलों पर पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। इसके लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में हाल के दिनों में सामने आई चोरी की घटनाओं पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत किया जाएगा। रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाएगी तथा जिन थानों में पुलिस बल की कमी है, वहां पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें मीडिया और आमजन की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए कहा कि दोनों का उद्देश्य समाज में पारदर्शिता बनाए रखना, कानून का पालन सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
