शहडोल पुलिस का 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान जारी–नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Junaid Khan - शहडोल। पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार एवं श्रीमान पुलिस अधीक्षक शहडोल के निर्देशन में संचालित "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत आज जिला शहडोल के समस्त थाना क्षेत्रों में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नगरजनों, ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ जनसभाएं आयोजित कर मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए गंभीर चुनौती है, जिससे अपराध, पारिवारिक विघटन, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं एवं सामाजिक असुरक्षा जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं। अतः प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। जनजागरूकता कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित समस्त नागरिकों को नशा न करने, नशे के प्रति समाज को जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की शपथ दिलाई गई।
