जयसिंहनगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता,अंधी हत्या का सनसनीखेज खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार
Junaid Khan - शहडोल। थाना जयसिंहनगर पुलिस ने ग्राम कनाड़ीकला में हुई एक वृद्ध महिला की अंधी हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के कड़े निर्देशन में पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में सफलता हासिल की है। नदी के समीप मिला था वृद्ध महिला का शव प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06.07.2026 को फरियादी महेन्द्र यादव (पिता ललुआ यादव, निवासी ग्राम कनाड़ीकला पतेरा टोला) ने थाना जयसिंहनगर में सूचना दर्ज कराई थी कि उनकी माता गेंदा बाई यादव बाजार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान ग्राम कनाड़ीकला स्थित बड़ादेव के पास कुल्हाड़िया नदी की धार में उनका शव मिला, जिसके गले पर धारदार हथियार से प्रहार के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीकृत कर विवेचना शुरू की। अंधविश्वास के कारण रची गई हत्या की साजिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही अनिल यादव एवं सुनील यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या की वजह जादू-टोना का अंधविश्वास था। आरोपियों को भ्रम था कि मृतिका गेंदा बाई यादव द्वारा किए गए जादू-टोने के कारण उनकी माता लगातार बीमार रहती थीं। इसी संदेह में दोनों ने मिलकर पूर्व नियोजित षड्यंत्र रचा। कुल्हाड़ी से किया गर्दन पर ताबड़तोड़ वार योजना के मुताबिक, 6 जुलाई को आरोपी सुनील यादव कुल्हाड़ी लेकर नदी के पास पहले से ही घात लगाकर बैठ गया। जैसे ही वृद्ध महिला वहाँ पहुँची, आरोपी अनिल यादव ने पीछे से कुल्हाड़ी से उनकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। हथियार और मोबाइल जब्त, आरोपी भेजे जा रहे न्यायालय पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और मोबाइल फोन विधिवत जब्त कर लिए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है। अनिल यादव (पिता अशोक यादव, उम्र 22 वर्ष) सुनील यादव (पिता अशोक यादव, उम्र 25 वर्ष) दोनों आरोपी ग्राम कनाड़ीखुर्द, थाना जयसिंहनगर, जिला शहडोल के निवासी हैं। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इनकी रही सराहनीय भूमिका। इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में एसडीओपी ब्यौहारी श्री ऋषभ छारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी जयसिंहनगर निरीक्षक अजय कुमार बैगा, सउनि. सुरेश अहिरवार, सउनि. प्रमोद अहिरवार, प्र.आर. रुस्तम सिंह, आर. नीरज शुक्ला, आर. अंकित यादव, आर. ऋषीकांत मिश्रा, म.आर. खुशबू लोधी एवं साइबर सेल टीम शहडोल की विशेष व सराहनीय भूमिका रही।
