AISECT द्वारा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में किशोर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दी गई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

AISECT द्वारा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में किशोर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दी गई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी


Junaid Khan - शहडोल। स्वास्थ्य विभाग के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में AISECT संस्था द्वारा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में किशोर स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इन आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान परामर्शदाताओं ने पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोग (NCD), माहवारी स्वच्छता एवं उसका प्रबंधन, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, एनीमिया, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, लिंग आधारित भेदभाव, लिंग आधारित हिंसा, चोट एवं हिंसा, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन, स्वप्नदोष तथा RTI/STI जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की। काउंसलर सुश्री पूनम सिंह एवं सुश्री शिवानी चौरसिया द्वारा पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, माहवारी स्वच्छता, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, एनीमिया तथा लिंग आधारित हिंसा जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। वहीं सुश्री सरिता सिंह, सुश्री अंकिता मिश्रा एवं सुश्री शिवा मिश्रा द्वारा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य तथा लिंग आधारित भेदभाव विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। श्री आनंद जी यादव ने किशोरों को स्वप्नदोष, RTI/STI, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी, जबकि सुश्री जया नंदनी तिवारी ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक परिवर्तनों के संबंध में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। साथ ही किशोरों को संतुलित आहार, नियमित स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य के महत्व तथा आवश्यकता पड़ने पर किशोर अनुकूल स्वास्थ्य सेवाओं (AFHC) का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग एवं AISECT संस्था के संयुक्त प्रयासों से संचालित ये गतिविधियाँ जिले के किशोरों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने तथा सकारात्मक व्यवहार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरों के समग्र स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास एवं सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करना है। जिले में इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जा रही हैं, जिससे अधिक से अधिक किशोर-किशोरियों को लाभान्वित किया जा सके।

Previous Post Next Post