हरियाली का संकल्प: पुराने बस स्टैंड हनुमान मंदिर परिसर में गूंजा 'वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ' का संदेश

हरियाली का संकल्प: पुराने बस स्टैंड हनुमान मंदिर परिसर में गूंजा 'वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ' का संदेश


Junaid Khan - शहडोल। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एकादशी के पावन अवसर पर शनिवार 25 जुलाई को पुराने बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर परिसर हरियाली की नई सौगात का साक्षी बना। "वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ" अभियान के तहत फलदार एवं फूलों के पौधों का रोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक विवेक पांडे ने शमी का पौधा रोपकर की। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर पत्रकार एवं समाजसेवी मृगेंद्र पाठक, संतोष चौबे, हनुमान मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित त्रिभुवनदास जी, राघवेन्द्र शुक्ला (भुवनेश्वरी शिक्षा समिति, शहडोल), सनत त्रिपाठी, जितेंद्र सिंह एवं रवि मिश्रा ने भी अलग-अलग फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। मंदिर परिसर में लगाए गए पौधों ने न केवल हरियाली का संदेश दिया, बल्कि उपस्थित लोगों को यह भी प्रेरित किया कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो पर्यावरण संरक्षण का सपना साकार हो सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और समाज में हरित चेतना फैलाने का संकल्प लिया। श्रद्धा, सेवा और प्रकृति संरक्षण का यह अनूठा संगम लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा और पूरे परिसर में हरियाली के प्रति उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

Previous Post Next Post