अदालती चक्करों से मुक्ति,रेल सफर में सुशासन की नई क्रांति, अब सीधे जेल नहीं, पहले 'पेनल्टी' का मौका

प्रशासन का ऐतिहासिक कदम,'जन विश्वास अधिनियम 2026' से बदला रेलवे का चेहरा, छोटे अपराधों के अपराधीकरण (Criminalisation) पर लगा पूर्ण विराम, अदालतों का घटेगा बोझ। 


Junaid Khan - शहडोल। भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित और जन-अनुकूल बनाने की दिशा में केंद्र सरकार और रेल प्रशासन ने अब तक का सबसे बड़ा और युगांतकारी कदम उठाया है। 'जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) अधिनियम, 2026' के लागू होने से अब रेल परिसरों और यात्रा के दौरान होने वाली छोटी-मोटी गलतियों या तकनीकी चूकों के लिए नागरिकों को सीधे अपराधियों की तरह अदालत के कटघरे में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। प्रशासन की इस दूरदर्शी सोच के तहत अब 'मैनुअल ऑफ प्रोसीजर' को बदलते हुए सीधे अभियोजन (Prosecution) के बजाय 'पहले पेनल्टी (अर्थदंड), फिर राहत' की नीति अपनाई गई है। रेल प्रशासन की इस सराहनीय पहल से जहां आम यात्रियों को बेवजह की अदालती प्रक्रियाओं और मुकदमों के मानसिक तनाव से मुक्ति मिलेगी, वहीं रेलवे के राजस्व में त्वरित वृद्धि होगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस नई व्यवस्था से रेलवे कोर्ट्स का कार्यभार भारी मात्रा में कम होगा, जिससे न्याय व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यक्षमता दोनों को एक नई गति मिलेगी।

प्रशासन की पीठ थपथपाई, मामूली भूल पर नहीं दर्ज होगा मुकदमा, रसीद कटवाकर तुरंत निपटेगा मामला

रेलवे के इस नए दृष्टिकोण की हर वर्ग द्वारा सराहना की जा रही है। पहले की व्यवस्था में बिना टिकट यात्रा, अनधिकृत वेंडिंग या गलत कोच में बैठने जैसी छोटी गलतियों पर भी सीधे मामला दर्ज कर यात्रियों को 'स्पेशल रेलवे कोर्ट' में पेश किया जाता था। इससे एक सामान्य नागरिक भी कानून के फेर में उलझ जाता था। लेकिन अब प्रशासन ने अपनी कार्यप्रणाली को पूरी तरह जनहितकारी बना दिया है। नई व्यवस्था के तहत, चिन्हित अपराधों में मौके पर ही जुर्माना (पेनल्टी) लेकर रसीद थमा दी जाएगी और मामला वहीं समाप्त माना जाएगा। केवल वही हठी तत्व जो पेनल्टी जमा करने से इनकार करेंगे या बार-बार जानबूझकर कानून तोड़ेंगे, उन्हें ही सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा जाएगा। गंभीर और आदतन अपराधियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई पहले की तरह ही सख्ती से जारी रहेगी, जिससे रेल परिसरों में अनुशासन और सुरक्षा का माहौल और मजबूत होगा।

टिकट और कोच संबंधी नियमों में कड़ाई,अनधिकृत प्रवेश और धोखाधड़ी पर अब लगेगा भारी जुर्माना

रेलवे के सफर को अनुशासित बनाने के लिए प्रशासन ने रेलवे अधिनियम, 1989 की धाराओं में व्यापक संशोधन किए हैं। अब यदि कोई व्यक्ति बिना टिकट या धोखाधड़ी से यात्रा करता पकड़ा गया, तो धारा 137 के तहत उसे पूरा किराया तो देना ही होगा, साथ ही अतिरिक्त शुल्क की न्यूनतम राशि सीधे ₹500 निर्धारित कर दी गई है। भुगतान न करने पर ही न्यायालय वसूली की कमान संभालेगा। इसी तरह, धारा 138 के तहत 'Excess Charge' की न्यूनतम राशि को ₹250 से बढ़ाकर ₹500 कर दिया गया है। दूसरों के नाम पर आरक्षित टिकट का फायदा उठाने वालों पर धारा 142 के तहत कड़ा प्रहार होगा; उनका टिकट जब्त कर न्यूनतम ₹500 अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा। महिलाओं और दिव्यांगों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने धारा 155 में बड़ा बदलाव किया है—पहली बार महिला या दिव्यांग आरक्षित कोच में अवैध रूप से यात्रा करने पर ₹2000 की भारी पेनल्टी लगेगी, जबकि अन्य उल्लंघनों पर ₹1000 देय होंगे। यदि कोई पुरुष जानबूझकर महिला कोच या सीट पर कब्जा करता है, तो धारा 162 के तहत सीधे ₹2500 की पेनल्टी ठोंकी जाएगी और उसे ट्रेन से उतार दिया जाएगा (यह नियम ट्रांसजेंडर व्यक्तियों पर लागू नहीं होगा)।

यात्री सुरक्षा और सुविधाओं से समझौता नहीं,उपद्रवियों और अवैध वेंडरों पर कड़ा प्रशासनिक शिकंजा 

प्रशासन ने जहां आम जनता को राहत दी है, वहीं रेलवे परिसरों में गंदगी और अव्यवस्था फैलाने वालों पर शिकंजा और कस दिया है। धारा 144 के तहत अब बिना लाइसेंस के फेरी लगाने या अनधिकृत वेंडिंग व भीख मांगने पर पहली बार में ही ₹2000 की पेनल्टी तय की गई है। यदि कोई चौथी बार या उसके बाद भी यही अपराध करता पाया गया, तो उसे सीधे एक वर्ष तक की जेल और ₹5000 का जुर्माना भुगतना होगा। रेल में सफर के दौरान शांति भंग करने वाले शराबियों के लिए धारा 145 के तहत सख्त हिदायत है—शराब पीकर उपद्रव करने वालों को तुरंत ट्रेन या परिसर से बाहर फेंका जाएगा, साथ ही ₹1000 तक जुर्माना, 24 घंटे का साधारण कारावास या सामुदायिक सेवा (Community Service) की सजा दी जाएगी; आदतन शराबी को 6 महीने की जेल या ₹5000 जुर्माना होगा। धारा 146 के तहत रेलवे कार्य में बाधा डालने पर अब कारावास की अवधि 6 माह से घटाकर 3 माह जरूर की गई है, परंतु जुर्माना बढ़ाकर ₹2500 कर दिया गया है।

सुरक्षा का नया घेरा,यार्ड-ट्रैक पर जाना पड़ेगा महंगा, प्रतिबंधित सामान लाने पर ₹10,000 की चोट 

सुरक्षा के मोर्चे पर रेल प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। धारा 147 के तहत यदि कोई यात्री क्षेत्र (Passenger Area) में अनधिकृत रूप से प्रवेश करता है, तो पहले ₹500 पेनल्टी लगेगी। लेकिन, यदि कोई जान जोखिम में डालकर रेलवे यार्ड, ट्रैक या संवेदनशील क्षेत्रों में अनधिकृत प्रवेश करता है, तो उसे सीधे 3 महीने की जेल या ₹5000 तक का जुर्माना भुगतना होगा। सबसे बड़ा बदलाव धारा 165 में किया गया है—यदि कोई व्यक्ति ट्रेनों में प्रतिबंधित या खतरनाक/ज्वलनशील सामान लेकर यात्रा करता है, तो उसे नुकसान की भरपाई के साथ-साथ कम से कम ₹10,000 की भारी-भरकम पेनल्टी चुकानी होगी। इसके अतिरिक्त, रेलवे स्टेशनों पर बेतरतीब पार्किंग और यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों को सुधारने के लिए धारा 159 के तहत ₹500 की पेनल्टी का प्रावधान किया गया है।

कानून का सरलीकरण,अप्रासंगिक धाराएं समाप्त, 'समरी ट्रायल' से तुरंत न्याय का मार्ग प्रशस्त

इस ऐतिहासिक संशोधन अधिनियम के जरिए प्रशासन ने कानून की उन कड़ियों को हटा दिया है जो समय के साथ अपनी प्रासंगिकता खो चुकी थीं। इसी कड़ी में अधिनियम की धारा 158 और धारा 176 को पूरी तरह से समाप्त (Omitted) कर दिया गया है, जबकि धारा 172 से जुर्माने के प्रावधान को विलोपित किया गया है। धारा 60 के तहत पूर्व के ₹500 जुर्माने को बढ़ाकर अब ₹2000 तक की पेनल्टी में बदल दिया गया है, तथा धारा 87 में भी पूर्व के ₹150 के स्थान पर अब ₹2000 तक की पेनल्टी लागू होगी। धारा 163 के अंतर्गत अब निश्चित जुर्माने के स्थान पर केंद्र सरकार द्वारा समय-समय पर अधिसूचित पेनल्टी ही वसूली जाएगी। नियमों के सामान्य उल्लंघन पर धारा 166 के तहत पहली बार में ₹2000 पेनल्टी और दूसरी बार में 1 माह की जेल या ₹5000 जुर्माना होगा, जबकि धारा 167 में ₹2000 की पेनल्टी का स्पष्ट प्रावधान है। इन सभी बदलावों को तुरंत जमीन पर उतारने के लिए धारा 179 के तहत 'Summary Trial' (संक्षिप्त विचारण) की व्यवस्था में भी आवश्यक संशोधन किए गए हैं, ताकि नए नियमों के अनुसार मौके पर ही मामलों का त्वरित और विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

Previous Post Next Post