शहडोल संभाग में प्राकृतिक खेती को करें प्रोत्साहित- कमिश्नर

किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता सहजता से कराएं- कमिश्नर


Junaid Khan - शहडोल। 22 जुलाई 2026- कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने शहडोल संभाग में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के निर्देश कृषि विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। कमिश्नर ने कहा है कि शासन द्वारा प्राकृतिक खेती को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा इसके लिए योजनाएं संचालित कर रही है। इन सभी योजनाओं का लाभ प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों तक पहुंचाए। कमिश्नर ने उक्त निर्देश मंगलवार को गूगल मीट के माध्यम से आयोजित सामयिक विषयों की समीक्षा बैठक के दौरान संभाग के सभी कलेक्टर्स एवं विभागीय अधिकारियों को दिए। कमिश्नर ने प्रधानमंत्री श्री अन्न योजना की प्रगति की जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि शहडोल संभाग में कोदो, कुटकी, की खेती के लिए किसानों को सतत रूप से प्रोत्साहित करें। उन्होंने संभाग के सभी कलेक्टर्स को कोदो और कुटकी की खेती का रकवा बढ़ाने के लिए किसानों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि शहडोल संभाग में कोदो कुटकी की उपज की मार्केटिंग के लिए सतत प्रयास किए जाएं। कमिश्नर ने गूगल मीट के माध्यम से मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना की प्रगति की जिलेवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मत्स्य संपदा योजना का शहडोल संभाग के सभी जिलों में परिणाममूलक क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। कमिश्नर ने कहा कि शहडोल संभाग में मत्स्य पालक किसानों को फिष पार्लर खोलने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए। समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने शहडोल संभाग में केज कल्चर योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की भी जिलेवार जानकारी ली तथा कहा कि शहडोल संभाग में फिष पार्लर स्थापित करने के लिए सतत प्रयास किए जाएं। गूगल मीट में कमिश्नर ने शहडोल संभाग के सभी जिलों में चालू खरीफ सीजन में खाद-बीज की उपलब्धता की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने शहडोल संभाग के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि चालू खरीफ सीजन के लिए किसानों को खाद-बीज सहजता से उपलब्ध हो इसकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानो को उच्च गुणवत्ता का खाद-बीज मुहैया हो इसके लिए खाद-बीज बेचने वाले फर्मों की समय-समय पर जांच भी सुनिश्चित की जाए। कमिश्नर ने कहा कि प्राथमिकता के साथ किसानों को उच्च गुणवत्ता का खाद-बीज मुहैया कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि अमानक स्तर का खाद-बीज बेचने वालों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। गूगल मीट में कमिश्नर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रगति की जिले वार समीक्षा की । समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना शासन की प्राथमिकता वाली योजना है। उन्होने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना एवं कुसुम बी योजना का शहडोल संभाग मे प्रभावी एवं परिणाम मूलक क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। गूगल मीट में शहडोल संभाग के तीनों जिलों के कलेक्टर्स, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post