मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए सतत प्रयास करें अधिकारी
Junaid Khan - शहडोल। 22 जुलाई 2026 कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने शहडोल संभाग के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में एन्टीवेनम इंजेक्शन की समुचित मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने कहा है कि सर्पदंश के प्रकरणों में पीड़ित व्यक्तियों को एन्टीवेनम के समुचित इंजेक्शन लगाकर उनके जीवन की रक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केन्द्रों में समुचित मात्रा में एन्टीवेनम इंजेक्शन उपलब्ध हैं, इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाए, ताकि लोगों को इसकी जानकारी हो। कमिश्नर ने कहा कि सर्पदंश से होने वाली मृत्यु को रोकने के लिए दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जागरूक किया जाए तथा उन्हें स्वास्थ्य केन्द्रों तक पहुंचकर समुचित उपचार कराने की सलाह दी जाए।कमिश्नर ने यह भी निर्देश दिए कि वर्षाकाल में होने वाली आपदाओं से पीड़ित व्यक्तियों को राजस्व परिपत्र-64 के प्रावधानों के अनुरूप आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने उक्त निर्देश मंगलवार को समसामयिक विषयों की गूगल मीट के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में शहडोल संभाग के सभी कलेक्टरों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। गूगल मीट में कमिश्नर ने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर की जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि शहडोल संभाग में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए सतत प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों को एनीमिया मैनेजमेंट का प्रशिक्षण दिया जाए तथा महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया जाए। गूगल मीट में कमिश्नर ने आयुष्मान कार्ड बनने की जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड से वंचित हितग्राहियों को चिन्हित किया जाए तथा उन्हें प्राथमिकता के साथ आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए जाएं। कमिश्नर ने आयुष्मान कार्ड वितरण कार्य को प्राथमिकता से करने के निर्देश संभाग के सभी कलेक्टरों को दिए। गूगल मीट में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जिलेवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा सक्षम आंगनवाड़ी केन्द्रों में सभी सुविधाओं का विस्तार किया जाए। गूगल मीट में कमिश्नर ने शहडोल संभाग के सभी नगरीय क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन के लिए समुचित कार्य करने के निर्देश संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन को दिए। कमिश्नर ने कहा कि शहडोल संभाग के सभी नगरीय क्षेत्रों में नगरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में परिणाममूलक कार्य किए जाएं।
