कारगिल विजय दिवस पर एबीवीपी शहडोल नगर इकाई ने निकाला कैंडल मार्च,वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
Junaid Khan - शहडोल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) शहडोल नगर इकाई द्वारा कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में वीर शहीदों की स्मृति में भव्य कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। कैंडल मार्च का शुभारंभ शहीद स्मारक से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंचा। गांधी चौक में कैंडल मार्च का समापन किया गया, जहां उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भारत माता एवं कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से 'वंदे मातरम्' का उद्घोष किया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के उन अमर सैनिकों के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। एबीवीपी सदैव राष्ट्रहित और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने वाले कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। इस अवसर पर विभाग छात्रा प्रमुख अंजली पांडेय, जिला संयोजक अमन त्रिपाठी, आकाश मिश्रा, अमन तिवारी, रोहित वर्मा, शिवम् कौर, भूमिका द्विवेदी, हर्षिता मिश्रा, प्रिया सिंह एवं कोमल द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
