सोहागपुर एसडीएम एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों एवं सीवरेज कार्यों का किया निरीक्षण
Junaid Khan - शहडोल। 04 जुलाई 2026। वर्षा ऋतु के मद्देनज़र नगर में जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने एवं जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से आज सोहागपुर एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर ने नगर पालिका परिषद शहडोल क्षेत्र के विभिन्न नालों, संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों तथा सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के कार्यों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगर के प्रमुख नालों एवं नालियों की वर्षा पूर्व कराई गई सफाई का अवलोकन करते हुए जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शेष नाला सफाई कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि वर्षा के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग ने नगर पालिका द्वारा कराए गए नाला सफाई कार्यों की सराहना करते हुए नियमित निगरानी बनाए रखने एवं वर्षा के दौरान त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात अधिकारियों ने नगर में संचालित सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्यस्थलों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेराव एवं चेतावनी संकेतक (साइन बोर्ड) अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा अब तक नगर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर नाला सफाई का कार्य कराया जा चुका है। इसके अंतर्गत वार्ड क्रमांक 25 से दावत मैरिज गार्डन, जेल बिल्डिंग, भारती पैलेस से अंडरब्रिज मार्ग, वृद्धाश्रम से बालक छात्रावास, गांधी चौक, रीवा होटल हाउसिंग बोर्ड, पटेल नगर, सलूजा सीमेंट से शास्त्री नगर, टेक्सवेयर के समीप, रिलायंस मार्ट क्षेत्र तथा सिंहपुर रोड से नरसरहा डिपो तक प्रमुख नालों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है। सिंहपुर रोड क्षेत्र में शेष कच्चे नाले के निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान श्री मोतीलाल सिंह, उपयंत्री श्री एस.एस. तोमर, उप यंत्री श्री पुनीत त्रिपाठी, स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल महोबिया, नगर पालिका के कर्मचारी एवं संबंधित वार्डवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे नालों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें तथा स्वच्छ, सुरक्षित एवं जलभराव मुक्त शहडोल के निर्माण में नगर पालिका का सहयोग करें।

