जंतर-मंतर में छात्रों पर लाठीचार्ज एवं राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन,शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन
Junaid Khan - शहडोल। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के निर्देशानुसार एवं जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम गौतम के मार्गदर्शन में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस द्वारा शहडोल के गांधी चौक में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस विधानसभा जयसिंहनगर अध्यक्ष शेख सजील (सनी) ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र एवं युवा उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों द्वारा अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाया जा रहा था, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है। युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के सवालों का जवाब देने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। साथ ही छात्र हितों के समर्थन में आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी की भी कड़ी निंदा करते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया। विधानसभा अध्यक्ष शेख सजील (सनी) एवं ब्लॉक अध्यक्ष प्रियांशु चौबे (सोनू) ने कहा कि युवा कांग्रेस छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने मांग की कि जंतर-मंतर में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा छात्र हितों से जुड़े मुद्दों का तत्काल समाधान किया जाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों और युवाओं की आवाज को इसी प्रकार दबाने का प्रयास किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में एकजुटता व्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। उक्त कार्यक्रम में वरिष्ठ युवा नेता मुस्कान खान, ब्लॉक अध्यक्ष प्रियांशु चौबे (सोनू), सोहेल आलम, सत्यम प्रजापति, सत्यम कुशवाहा,सैयद जुहैब, फ़ैसल शेख,वेद गुप्ता, शिवेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र कुशवाहा, शाकिब खान, अभिराज यादव, शिवराज यादव, इमरान खान, विनोद बैगा, आकाश सोंधिया, नावेद खान, दानिश खान, अमान खान, भैया खान, मुन्ना, करण सोनकर, अनस, आसिफ, लवली ताम्रकार, एहन सोनकर, मुस्ताक, मुस्तकीम, बिलाल, अनुज, शिवम सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं छात्रजन उपस्थित रहे।
