अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध देवलोंद पुलिस की कार्रवाई, हाईवा वाहन एवं रेत जप्त
Junaid Khan - शहडोल। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना देवलोंद पुलिस द्वारा अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक हाईवा वाहन एवं उसमें लोड अवैध रेत जप्त की गई है। दिनांक 06.07.2026 को थाना देवलोंद पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक हाईवा वाहन में अवैध रूप से रेत (बालू) भरकर पसगढ़ी से बुढ़वा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा ग्राम जमुखुरी तलैया के समीप घेराबंदी कर हाईवा वाहन क्रमांक MP-53-ZE-2042 को रोकने का प्रयास किया गया, किंतु वाहन चालक पुलिस को देखकर रात्रि के अंधेरे का लाभ उठाते हुए वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा चालक की तलाश की गई, परंतु उसका पता नहीं चल सका। पुलिस ने मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए लगभग ₹15 लाख मूल्य का हाईवा वाहन एवं उसमें लोड लगभग ₹50 हजार मूल्य की अवैध रेत जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया। इस संबंध में थाना देवलोंद में अज्ञात चालक एवं अज्ञात वाहन स्वामी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं खनिज अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। फरार आरोपी एवं वाहन स्वामी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी देवलोंद उ.नि. दिलीप सिंह के नेतृत्व में सउनि. इन्द्रलाल पुरी, आर. चित्रांशु शुक्ला, आर. ओमप्रसाद तिवारी एवं आर. आदित्य सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
